(भोपाल)देश को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली और पटना में एनडीए सरकार चाहिए-डॉ. मोहन यादव

  • 17-Oct-25 12:00 AM

पटना/भोपाल।(आरएनएस)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बिहार के गया टाउन में पार्टी प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के समर्थन में नामांकन दाखिल कराया एवं हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस तरह से आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार चल रही है, बिहार के विकास के लिए जरूरी है कि वह भी कदम से कदम मिलाकर उसी लाइन पर चले। देश के दुश्मनों से निपटने के लिए, बदलते दौर में भारत को दुनिया में आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली और पटना दोनों जगह एनडीए की सरकार चाहिए। आप सभी मेरे साथ हाथ उठाकर संकल्प लें कि इस चुनाव में जब तक हर वोट भाजपा और एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में नहीं डल जाता, चैन से नहीं बैठेंगे। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और बिहार का नाता बहुत खास रहा है। मेरी अपनी कुलदेवी बिहार में हैं। लगभग 2200 साल पहले सम्राट अशोक युवराज के रूप में मध्यप्रदेश के उज्जैन में पदस्थ रहे थे और वहां से लौटकर ही वे सम्राट बने। इसके बाद उन्होंने सारी दुनिया में भारत का परिचय एक अलग प्रकार से कराया। बिहार ने देश को उसका राष्ट्रीय चिह्न जिसे अशोक चिह्न कहते हैं, प्रदान किया। सनातन संस्कृति से संबंध रखने वाले हर व्यक्ति का सपना होता है कि वह किसी और तीर्थ के दर्शन के लिए जा पाए या न जा पाए, लेकिन एक बार अपने पितरों को नमन करने गया जी जरूर चला जाए। गया तीर्थ पूरे देश को एक सूत्र में पिरोते हुए सनातन संस्कृति की धारा से जोड़ता है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सब देख रहे हैं कि बदलते दौर में आज सारी दुनिया भारत की तरफ देख रही है। ऐसे समय में हमारी भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है, जो अनेक विशेषताओं वाली पार्टी है। इस पार्टी के कारण ही आज देश में सच्चे अर्थों में लोकतंत्र जिंदा है। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी की यात्रा चल रही है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की विजय यात्रा चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। वहीं, नितीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने बिहार को भी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं रही, क्षमता और योग्यता की कमी नहीं रही। यहां से सबसे ज्यादा आईएएस और आईपीएस निकलते हैं, लेकिन अवसर न होने के कारण यहां से डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, वकील और अन्य प्रतिभाएं पलायन कर जाती थीं। आज वही बिहार तेजी से विकास के रास्ते पर कदम बढ़ा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति की धारा बह रही है, जय-जयकार हो रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बन चुका है और उस मंदिर में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं। जब अयोध्या में राम मुस्कुरा रहे हैं, तो मथुरा में कृष्ण कन्हैया भी मुस्कुराएंगे। हमारे उज्जैन में भव्य महाकाल महालोक बना है, उसने पूरे शहर की कायापलट कर दी है। पहले जहां उज्जैन में साल भर में कुछ लाख पर्यटक आते थे, अब लगभग 7 करोड़ से ज्यादा लोग अकेले उज्जैन आते हैं। जिस प्रकार से उज्जैन की कायापलट हुई है, क्या गया की कायापलट नहीं होनी चाहिए? जरूर होनी चाहिए, लेकिन उसके लिए बिहार में एनडीए की सरकार होना जरूरी है।मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि इस चुनाव में हमारे सामने कांग्रेस के साथ पूरा इंडिया गठबंधन खड़ा है। लेकिन ये महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है, जो रामराज्य की कामना करती थी। यह राहुल गांधी वाली कांग्रेस है जिन्हें न अपनी भाषा का ध्यान है, न व्यवहार का और न ही भाषण का। उन्होंने कहा कि हमारे नेता स्व. अटल जी ने नेता प्रतिपक्ष के पद को गौरान्वित किया था, लेकिन राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के रूप में लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं। लोकतंत्र में सबसे ज्यादा सम्मान न्यायपालिका का होता है, लेकिन इन्हें न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है। हमारे जवान अपनी जान को जोखिम में डालकर 24 घंटे देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। जरूरत होने पर आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारते हैं, लेकिन राहुल गांधी उनसे भी प्रमाण मांगते हैं। इंडिया गठबंधन के नेता बिहार का अपमान करते हैं। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार को छोटा-मोटा राज्यÓ कहते हैं। गठबंधन में शामिल पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जहां भी गड़बड़ होती है, उसमें बिहार का हाथ होता है। ममता बनर्जी कहती हैं कि जहां भी कोई घटना होती है, उसमें बिहारी शामिल होते हैं। वह बिहार को गाली देती हैं। हमें उनकी बातों को याद रखना है और चुनाव में पूरा हिसाब करना है। एनडीए के लोग इंडिया गठबंधन की ईंट से ईंट बजा देंगे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment