(भोपाल)पद्मश्री जगदीश जोशीला का सम्मान,निमाडियों और निमाड़ी भाषा का सम्मान-सचिन यादव
- 29-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 29 जुलाई (आरएनएस)। भोपाल के कम्यूनिटी हॉल मारूतिनंदन काम्पलेक्स, सहयोग विहार में राजधानी निमाड़ समाज की ओर से सोमवार 28 जुलाई को पद्मश्री जगदीश जोशीला का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वास सारंग, मंत्री सहकारिता एवं खेल एवं युवा कल्याण थे, जो कि खरगोन निमाड़ के प्रभारी मंत्री भी है। कार्यक्रम में विधायक खरगोन बालकृष्ण पाटीदार, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा भी उपस्थित थे। सभी अतिथियों का निमाड़ समाज के संरक्षक अधिवक्ता ओम पाटीदार द्वारा स्वागत भाषण एवं पुष्प- मालाओं से स्वागत किया। विश्वास सारंग सहित सभी उपस्थित अतिथियों ने पद्मश्री जगदीश जोशीला का शॉल श्रीफल, सम्मान पत्र तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने कहा कि जगदीश जोशीला का सम्मान सम्पूर्ण निमाडियों और निमाड़ी भाषा का सम्मान है। यह हम सब के लिए गर्व की बात है। सोनल पाटीदार, पार्वती जाधव, राधा यादव एवं परिधि गुप्ता द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रवि ठक्कर द्वारा किया गया। गणपति यादव, अध्यक्ष निमाड़ समाज के द्वारा सम्मान पत्र का वाचन किया गया और आभार व्यक्त किया गया। डेली कॉलेज के विद्यार्थी रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कसरावद विधायक सचिन यादव, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार एवं पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने अपना उद्बोधन निमाड़ी भाषा में दिया। पद्मश्री जगदीश जोशीला ने भी अपना उद्बोधन निमाड़ी भाषा में दिया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि पद्मश्री जगदीश जोशीला मेरे विधानसभा क्षेत्र से हैं और उनकी निमाड़ी भाषा के प्रति तपस्या सफल हुई और भारत सरकार द्वारा द्वारा उनको पद्मश्री दिया गया। पी.सी. शर्मा ने कहा कि श्री जोशीला ने अपनी साहित्यिक लाईन से कार्य करते हुये निमाड़ भाषा को सम्पूर्ण राष्ट्र में पहचान दी है।पद्मश्री जगदीश जोशीला ने कहा कि निमाड़ी भाषा निमाड़ की माँ है और हम सबको निमाड़ी भाषा को राज्य भाषा का दर्जा दिलाये जाने का कार्य करना होगा। जनगणना में भी अपनी भाषा निमाड़ी भाषा लिखवाना होगा। मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने कहा कि पद्श्री जगदीश जोशीला ने निमाड़ को और निमाड़ी भाषा को भारत वर्ष में प्रतिष्ठा दिलायी है। मैं भी खरगोन निमाड़ का प्रभारी मंत्री हूँ श्री जोशीला का सम्मान करते हुये मुझे खुशी हो रही है। राजधानी निमाड़ समाज के संरक्षक एवं अधिवक्ता ओम पाटीदार द्वारा यह भी मांग की गई कि निमाड़ 04 जिलों - बुरहानपुर, खण्डवा, खरगोन एवं बड़वानी में है, किन्तु निमाड़ी भाषा धार जिले की भी भाषा है इसलिए खरगोन को निमाड़ संभाग बनाया जाना चाहिए। इस अवसर पर खण्डवा के सुप्रसिद्ध गायक प्रवीण चौबे द्वारा ये झामरूÓÓ का गायन भी किया गया। सम्मान समारोह में निमाड़ समाज के सदस्य एवं निमाड़ी बहनें बहुतायत में उपस्थित थी। कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक भोज का भी आयोजन हुआ।
Related Articles
Comments
- No Comments...