(भोपाल)प्रधानमंत्री जी देश मजबूत कर रहे हैं, हमें उनको मजबूत करना है-हेमंत खण्डेलवाल
- 22-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 22 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने मंगलवार को पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश को मजबूत कर रहे हैं, हर समाज, हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रहे हैं। हमें उन्हें मजबूत करना है। जनजातीय समाज तरक्की करें इसके लिए हमारी सरकार होना जरूरी है। मोर्चा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की कड़ी बनकर जनहितैषी योजनाओं का लाभ आमजन को दिलाएं। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आदिवासी समाज को अधिकार और सम्मान देने का कार्य कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी ने जनजातीय समाज के विकास में बड़ा योगदान दिया है, उसे भी जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक को भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह भांवर ने भी संबोधित किया।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में जनजातीय समाज की अहम भूमिका है। समाज मध्यप्रदेश के बडे क्षेत्र में निवास करता है, मैं भी आदिवासी बहुल बैतूल जिले का रहने वाला हूं। मुझे और मेरे परिवार को हमेशा जनजातीय समाज की सेवा करने का मौका मिला और जनजातीय समाज हमारे परिवार और भाजपा का पूरा सहयोग कर रहा है। इसलिए अनुसूचित जनजाति मोर्चा की भूमिका पार्टी और समाज में महत्वपूर्ण है। आप अपनी भूमिका का निर्वाह जितनी सक्रियता के साथ करेंगे, भाजपा की जीत भी उतनी ही सुनिश्चित होगी। अनुसूचित जनजाति मोर्चा कार्यकर्ता समाज के नेता बनें, समाज को पार्टी से जोडऩे का काम करें। लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ें। जब आप समाज का विश्वास जीतेंगे, तो पार्टी भी आप पर विश्वास जताएगी। आपकी परंपराएं और संस्कृति सुरक्षित रहे, समाज का वजन बढ़े, नेतृत्व बढ़े, इसकी चिंता पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि जब आप अपने क्षेत्र में, समाज के बीच जाएं, तो छोटी-छोटी बैठकें करें। कोशिश करें कि हर व्यक्ति आप से खुलकर बात कर सके, सवाल पूछ सके। जो भी प्रश्न उठाए जाएं, उनका उत्तर पूरी ताकत से और पूरे आत्मविश्वास के साथ दें। उन्होंने कहा कि आप उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिसने जनजातीय समाज की भलाई के लिए अनेक काम किए हैं। इसलिए लोगों के बीच अपनी बात पूरी दमदारी से रखें। आप बोलेंगे, तो लोग आप से जुड़ेंगे।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने जनजातीय समाज की बेहतरी के लिए अनेक कदम उठाए हैं। रानी दुर्गावती का स्मारक बनाकर और रानी कमलापति के नाम पर हबीबगंज स्टेशन का नाम रखकर सिर्फ इन जनजातीय नायकों को सम्मान ही नहीं दिया, बल्कि उनके त्याग और बलिदान को जनता के सामने लाने का भी काम किया है। समाज की भलाई के लिए पेसा एक्ट भाजपा की सरकार ने लागू किया है। जो लोग आज समाज को बांटने की बात कर रहे हैं, उनसे ये पूछें कि जब बरसात में जनजातियों की झोपड़ी में पानी टपकता था, तब वो कहां थे? जब बीमार होने पर गरीब जनजाति के लोग ठोकरें खाते थे, तब कहां थे? गांवों में शौचालय नहीं थे और अगर फसल खराब हो जाए, तो किसान बर्बाद हो जाता था। भाजपा की सरकार ने उज्जवला योजना लागू की। आदिवासियों के पक्के मकान बनाए, आयुष्मान भारत योजना में उनके इलाज की व्यवस्था की। शौचालय बनवाए, फसल बीमा योजना लागू की। आज जो गांव-गांव में सड़कें दिखाई देती हैं, वो नेहरू जी और इंदिरा जी ने नहीं बनवाई हैं, भाजपा की सरकार ने बनवाई हैं। जनजातीय समाज के लिए आरक्षण की व्यवस्था भी कांग्रेस ने नहीं, बल्कि बाबा साहब अंबेडकर ने की थी, जिनका भारतीय जनता पार्टी सम्मान करती है। मोर्चा कार्यकर्ता इन बातों को पूरी दमदारी के साथ लोगों के बीच रखें।भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष के साथ पार्टी संगठन को शून्य से शिखर तक की यात्रा के साक्षी रहे हैं। वर्ष 2025 को पार्टी श्रद्धेय अटल जी की जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मना रही है। अनुसूचित जनजातियों के विकास के लिए केंद्र सरकार में अलग मंत्रालय बनाने का कार्य श्रद्धेय अटल जी ने ही किया था। वनाधिकार कानून और पेसा एक्ट में श्रद्धेय अटल जी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मार्चा कार्यकर्ता कार्यक्रमों में समाज के लोगों को यह बताएं कि जनजातीय समाज के विकास के लिए भाजपा लगातार कार्य कर रही है। पहले श्रद्धेय अटल जी ने पीएम ग्रामीण सड़क योजना बनाकर जनजातीय समाज की बस्तियों, मजरे-टोलों तक पक्की सड़कें बनवाईं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने जनजातीय समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी हर गरीब, जनजातीय समाज के लोगों को पक्के आवास देने का कार्य कर रहे हैं। दूरदराज के बसाहटों में भी पीने का पानी नल से पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता समाजिक कार्यों में अपनी सहभागिता और बढ़ाएं और युवाओं को पार्टी से जोडऩे के साथ जनजातीय समाज की परेशानियों को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए कार्य करें। जनजातीय समाज हमेशा से प्रकृति की पूजा करता रहा है, हम सभी प्रकृति की पूजा करते हैं। इसलिए जनजातीय समाज को तोडऩे और भ्रमित करने वाली वैश्विक और देश के अंदर सक्रिय ताकतों से निपटने के लिए मोर्चा कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएं।भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कल सिंह भाबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा देश और मध्यप्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग के सर्वांगीण विकास का कार्य कर रही है। देश में कुछ ताकतें ऐसी हैं जो जनजातियों को भ्रमित करने में लगी हुई हैं। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और जनजातियों को भ्रमित करने वालों से समाज के लोगों को सजग करें। हम सभी लोगों को जनजातीय समाज को बरगलाने वाले असामाजिक तत्वों से सावधान रहना है। केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं को जनजातीय समाज के लोगों को लाभ मिले, इसके लिए गांव-गांव, झोपड़ी-झोपड़ी घूमकर सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी की गतिविधियों में हर जिले और हर कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। पार्टी की गतिविधियों को जिला स्तर पर टोलियां बनाकर क्रियान्वित किया जाए।इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री नागर सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व मोर्चा के सह प्रभारी श्याम महाजन, पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक हरिशंकर खटीक, मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकाम सिंह किराड़े, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, भाजपा के प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल मंचासीन रहे।बैठक में मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे। मंच का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री पंकज टेकाम ने किया। आभार मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक संजय शाह ने व्यक्त किया।
Related Articles
Comments
- No Comments...