(भोपाल)बाल्यकालीन बीमारियों की रोकथाम और पोषण के लिए शुरू हुआ दस्तक अभियान सह स्टॉप डायरिया कैंपेन
- 22-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 22 जुलाई (आरएनएस)। 5 साल तक के बच्चों के लिए 22 जुलाई से दस्तक अभियान की शुरूआत की गई। भोपाल जिले के विभिन्न सत्र स्थलों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अभियान का शुभारंभ किया गया। ये अभियान 16 सितंबर तक संचालित होगा। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएगी। जिसमें बच्चों में निमोनिया, गंभीर कुपोषण, एनीमिया स्क्रीनिंग, दस्त रोग की पहचान प्रमुख हैं। अभियान के दौरान बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए विटामिन ए का घोल पिलाया जाएगा।दस्तक अभियान में सघन दस्त नियंत्रण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। जिसमें ओ आर एस का पैकेट और जिंक की गोलियां नि:शुल्क दी जा रही हैं। परिजनों को दस्त रोग के लक्षणों की जानकारी देकर ओआरएस बनाने की विधि, जिंक के उपयोग एवं फायदों के बारे में जानकारी देने के लिए सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में ओआरएस कॉर्नर की स्थापना की गई है।अभियान का फोकस बाल्यकालीन बीमारियों की जल्द पहचान, प्रबंधन एवं आवश्यकता अनुरूप रेफरल पर किया गया है। डिजिटल हिमोग्लोबीनोमीटर से हिमोग्लोबीन की जांच एवं एनीमिया के स्तर के अनुसार प्रोटोकॉल के अनुरूप उपचार दिया जाएगा। महिला एवं बाल विकास के सहयोग से दस्तक अभियान के दौरान मिले गंभीर कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ता भोपाल के तीन लाख बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं दे रहे हैं। परिजन अपने बच्चों की रोग प्रतिरोधक शक्ति को बढ़ाने के लिए विटामिन ए जरूर पिलवाएं।
Related Articles
Comments
- No Comments...