(भोपाल)यात्रियों से भरी बस ने इंजीनियर को मारी टक्कर, मौत
- 22-Aug-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 22 अगस्त (आरएनएस)। सूखी सेवनिया टोल के करीब यात्रियों से भरी शक्ति ट्रैवल्स की बस ने इंजीनियर को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक और कंडक्टर बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया।इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 7 बजे युवक की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद बॉडी को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।जानकारी के मुताबिक पुनीतधर द्विवेदी (34) पुत्र भास्कर द्विवेदी मानस कॉलोनी फेस 1 मित्तल कॉलेज के पास करोंद में रहता था। भोपाल के प्राइवेट कॉलेज की ई.सी ब्रांच से बी.टेक करने के बाद उसने सागर के एक प्राइवेट कॉलेज से एमबीए किया। फिलहाल युवक वी गार्ड कंपनी में टेरिटरी मैनेजर के पद पर काम कर रहा था।भोपाल और आसपास के पांच जिले उसके अंडर में थे। विदिशा में कंपनी कर्मचारियों की मीटिंग लेकर गुरुवार की शाम को एक्टिवा से घर लौट रहा था। भोपाल-विदिशा रोड पर सूखी सेवनिया टोल के पास यात्री से भरी बस ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मारी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।पुनीतधर के पिता एमपीईबी के अधिकारी रहे हैं और चार साल पहले रिटायर्ड हो चुके हैं। मृतक के बड़े भाई भी इंजीनियर हैं। दो साल पहले पुनीत ने मां-पिता की मर्जी से रीवा की रहने वाली युवती से अरेंज मैरिज की थी। नौ महीने पहले ही उसके घर बेटी ने जन्म लिया था।जांच कर रहे एसआई ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। घटना के समय बस में यात्री सवार थे। बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम किया है।
Related Articles
Comments
- No Comments...