(भोपाल)सीएम हाउस का घेराव करेंगे भारतीय किसान संघ

  • 13-Jun-25 12:00 AM

भोपाल 13 जून (आरएनएस)। मध्यप्रदेश में भारतीय किसान संघ ने उड़द-मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी न होने पर नाराजगी जताई है। साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।गुरुवार को किसान संघ के पदाधिकारियों ने भोपाल, जबलपुर और इंदौर में एकसाथ प्रेसवार्ता की। भोपाल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने कहा, दो दिन पहले किसान संघ के नेतृत्व में किसानों ने तहसील मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन व ज्ञापन देकर सरकार से मूंग उड़द की खरीदी करने की मांग की थी। वहीं, प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर किसानों के पक्ष को रखा था, लेकिन मूंग-उड़द उत्पादक किसानों के प्रति सरकार का असंवेदनशील रवैया जाहिर हो गया है। सरकार ने मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने से साफ मना कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष आंजना ने आरोप लगाया कि व्यापारियों से सांठ-गांठ कर किसानों से मंडियों में खुली लूट करने का न्योता दिया जा रहा है। किसान संघ इस लूट का कड़ा प्रतिकार करेगा।प्रदेश अध्यक्ष आंजना ने बताया कि किसान संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारियों को किसान की मूंग और उड़द की समस्या से अवगत कराया तो कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की गई। इस पर कृषि मंत्री चौहान ने किसान संघ को आश्वासन दिया कि यदि मध्यप्रदेश सरकार समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द खरीदी करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजे जो वह तत्काल स्वीकृति देने के लिए तैयार है।किसान संघ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसान हित में संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल मूंग और उड़द की एमएसपी खरीदी करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे। यदि राज्य सरकार प्रस्ताव भेजने में टालमटोल करती है तो किसान संघ के नेतृत्व में प्रदेश के लाखों किसान सीएम हाउस का घेराव करने मजबूर होंगे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment