(भोपाल) भाजपाई दिग्गजों ने संभाला प्रचार का मोर्चा
- 22-Oct-23 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल,22 अक्टूबर (आरएनएस)। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में दिग्गज नेताओं को उतारकर अपने प्रचार तंत्र को सक्रिय कर दिया है। अलग-अलग अंचलों में केंद्रीय मंत्री और सांसदों को प्रचार में उतरने से कार्यकर्ता भी उत्साह में आ गए हैं। भाजपा ने इन नेताओं के जरिए एक तीर से कई निशाने भी लगाए हैं। सियासी गलियारे में इन नेताओं की मौजूदगी को लेकर खासी हलचल है। भाजपामें सतह के नीचे की निष्क्रियता अचानक काफूर हो गई है। तीन केंद्रीय मंत्रियों और चार सांसदों को प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने विभिन्न अंचलों में अपना गढ़ बचाने का बड़ा दांव खेला है। इन दिग्गजों को मैदान में उतार कर भाजपा जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण भी साध रही है। इनका खुद का ओहदा इतना अधिक है कि वह स्वयं जीतने के साथ आसपास की सीटों पर भी मददगार साबित हो सकते हैं। माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं के मैदान में होने से टिकट के लिए असंतोष की गुंजाइश भी खत्म हो गई है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते के साथ सांसद राकेश सिंह, गणेश सिंह, रीति पाठक और राव उदय प्रताप सिंह विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के मैदान में होने से ग्वालियर-चंबल संभाग में पार्टी ने सत्ता विरोधी रुझान और कार्यकर्ताओं की नाराजगी को काबू में कर लिया है। यहां तोमर के मुकाबले कांग्रेस ने रविंद्र सिंह तोमर को उतारा है। मालवांचल में यही लाभ कैलाश विजयवर्गीय के होने से मिल रहा है। इंदौर और आसपास की सीटों पर विजयवर्गीय का करीब दो दशक से प्रभाव माना जा रहा है। महाकौशल में राकेश सिंह का प्रभाव कारगर साबित हो सकता है। महाकौशल भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री कई बार जबलपुर प्रवास पर आ चुके हैं। जबलपुर के विकास माडल की तारीफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी करते हैं। भाजपा इसे ही चुनाव में वोट मांगने का आधार बना रही है। अनिल पुरोहित
Related Articles
Comments
- No Comments...