(भोपाल) सुरों से साध रहे राजनीति, चुनावी मैदान में लोक कलाकार भी ठोक रहे ताल

  • 22-Oct-23 12:00 AM

भोपाल,22 अक्टूबर (आरएनएस)। अधिसूचना जारी होने के साथ ही मतदान की उल्टी गिनती शुरु हो गई है। चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रदेश की सत्ता हासिल करने के लिए सियासी संग्राम भी तेजहोता जा रहा है। सभी दल ताल ठोक रहे हैं। जनता को लुभाने के लिए इस ताल में सुरों का साथ हो, इसकी भी कवायद चल रही है। दोनों बड़े दल भाजपा और कांग्रेस ने इसके लिए लोक कलाकारों से संपर्क किया है उतो आधुनिक फ्लैश माब (जिसमें कलाकारों का समूह किसी जगह एकत्र होकर अपनी प्रस्तुति देता है), वीडियो जैसे संसाधनों के माध्यम से भी अपनी बात जनता तक पहुंचाने की योजना तैयार की है। दोनों पार्टियों का सबसे ज्यादा ध्यान लोक गीत और लोक नृत्यों पर है। भाजपा भजन गायक कन्हैया मित्तल को लेकर आ रही है। बड़े नेताओं की सभाओं में वह भजन गाएंगे। पार्टी की ओर से अलग से भी भजन के आयोजन होंगे। भजनों के माध्यम से भाजपा प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियां जनता को बताकर रिझा भी रही है। भाजपा ने इस तरह के आयोजनों की जिम्मेदारी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को दी है। प्रकोष्ठ ने इसके पहले सभी विधानसभा क्षेत्रों में कवि सम्मेलन कराया है। अब अलग-अलग क्षेत्र की जनता को लुभाने के लिए क्षेत्रीय कलाकारों से स्थानीय भाषा में लोकगीत, वीडियो सांग, नुक्कड़ नाटक, फ्लैश माब प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा के प्रचार रथों में स्थानीय बोलियों में विकास गीत बजेंगे। उधर, कांग्रेस उत्तर प्रदेश की लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के गीतों को लेकर आ रही है। सूचना के मुताबिक पार्टी उनसे गीत तैयार भी करा रही है। बता दें कि इसके पहले एमपी में का बा... गीत में भाजपा सरकार की आलोचना कर वह चर्चा में आई थीं। सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते इस तरह के उनके कई गीत पहले भी आ चुके हैं। कांग्रेस भाजपा सरकार की कमियों, अपनी 15 माह की सरकार की उपलब्धियों और वचन पत्र में किए गए वादों को रोचक अंदाज में जनता तक पहुंचाएगी। कांग्रेस में तो लोक कलाकार और इस तरह के अन्य प्रचार-प्रसार के लिए कलाकारों की ओर से प्रजेंटेशन भी दिया जा रहा है। इसी आधार पर कलाकारों को जल्द चयन भी होगा। अनिल पुरोहित




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment