(महत्वपूर्ण) (रायपुर) गुरु पूर्णिमा पर राजधानी में कलश यात्रा एवं पादुका पूजन के साथ मना महोत्सव
- 10-Jul-25 08:06 AM
- 0
- 0
० आरएसएस, वृद्धसेवाश्रम तथा सत्यदर्शन योग आश्रम में हुआ भंडारा एवं रूद्राभिषेक
० संघ के कार्यकर्ताओं ने भगवाध्वज एवं भारतमाता का किया पूजन
रायपुर, 10 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी में आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मठ मंदिरों और आश्रम में विभिन्न कार्यक्रम हुए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 107 की शाखाओं में भगवा ध्वज और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर स्वयंसेवकों ने गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
राजधानी के प्राचीन मंदिर दूधाधारी मठ में आज महंत श्याम सुंदर दास ने भगवान की पूजा अर्चना की जिसके पश्चात भक्तों को दर्शन दिया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। वृद्धाश्रम महादेव घाट में भी संत राजीव रंजन महाराज की उपस्थिति में गुरु के प्रति श्रद्धा भाव रखते हुए गुरु का दर्शन किया तथा आशीर्वाद लेने भक्त बड़ी संख्या में पहुंचे। सुरेश्वर महादेव पीठ में सुबह भक्तों को दीक्षा दी गई तथा महाप्रसादी का वितरण किया गया। गांधी उद्यान स्थित सत्यदर्शन आश्रम में भी चरण पादुका का कार्यक्रम रखा गया। शांतिपाठ गुरु वंदना के पश्चात भजन कीर्तन किया गया। उसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने शाखाओं में मनाया गुरु पर्व
राष्ट्रीय स्वयं संघ के नगरीय निकाय के अध्यक्ष महेश बिड़ला ने बताया राजधानी में 167 संघ की शाखाएं है आज यहां पर प्रात: स्वयंसेवकों ने काली टोपी एवं गणवेश में आकर भगवा ध्वज के सामने गुरु दक्षिणा दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिक शामिल हुए। बिड़ला के अनुसार आगामी भविष्य में कुछ बड़े आयोजन किये जाएंगे। जिसमें संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे।
जागृति मिशन परसदा में हुआ कार्यक्रम
परसदा स्थित विश्व जागृति मिशन में सुधांशु महाराज के आशीर्वचन के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात विद्धान पंडि़तों द्वारा रूद्राभिषेक किया गया। सुधांशु महाराज ने लाइव आशीर्वाद दिल्ली से दिया। यहां पर रूद्राभिषेक सुबह तक चलेगा। भैरव सोसाइटी में भी दादा गुरुदेव बड़ी पूजा जाप और गुरु भक्ति की गई। जिसमें सैकड़ों बच्चों के अलावा श्रावक एवं श्रमिकाएं शामिल हुई। गोदड़ीधाम में भी पंचानन स्नान के बाद अनेक कार्यक्रम हुए।
विवेकानंद आश्रम में हुआ गुरु पूजन
जीई रोड स्थित विवेकानंद आश्रम में मिशन प्रमुख व्याप्तानंद महाराज के निर्देश पर गुरु रामकृष्ण भगवान की विशेष पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर सैकड़ों भक्त शामिल हुए। रामकृष्ण मठ विवेकानंद आश्रम में इस अवसर पर गुरु की महिमा पर भजन कीर्तन पर विशेष पाठ हुआ। चौबे कालोनी स्थित गुरु के आश्रम में विशेष पूजा पाठ की गई। शंकराचार्य आश्रम में भी प्रभारी हिन्दू वैभवानंद के मुख्यआतिथ्य में अनेक कार्यक्रम हुए। राजधानी के विभिन्न मंदिरों में भी विशेष पूजा पाठ एवं कलश यात्रा निकाली गई। अनेक शैक्षणिक संगठनों में भी यह कार्यक्रम हुआ।
आर शर्मा
०००
Related Articles
Comments
- No Comments...