
(महासमुन्द) प्रेमिका ने पुत्र के साथ मिलकर की थी युवक की हत्या
- 15-Sep-25 03:17 AM
- 0
- 0
0 बेमचा बड़ी नहर में मिली लाश की गुत्थी सुलझी
महासमुन्द, 15 सितम्बर (आरएनएस)। महासमुंद जिले के ग्राम बेमचा की बड़ी नहर से मिले अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका तथा उसके पुत्र को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि जिले के ग्राम बेमचा की बड़ी नहर कुछ दिन पहले एक व्यक्ति की लाश मिली थी। कुछ ही दिनों की सघन जांच और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने इस मामले की गुत्थी सुलझा दी। मृतक की पहचान पिलेश्वर साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम पचेड़ा, थाना खल्लारी के रूप में हुई। सनसनीखेज खुलासे में सामने आया कि पिलेश्वर की हत्या उसकी प्रेमिका देवकी बघेल और उसके बेटे सुरेश बघेल ने मिलकर की थी। 8 सितंबर 2025 से पिलेश्वर अपनी ड्यूटी (रायपुर स्थित प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड का काम) पर नहीं गया था। 10 सितंबर को बेमचा नहर में एक अज्ञात शव मिला, जिसके चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। मृतक के गले और गुप्तांग पर भी चोट के निशान थे। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि यह हत्या का मामला है। सायबर सेल और थाना महासमुन्द पुलिस ने 3 विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। इलाके में पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बेमचा की रहने वाली देवकी बघेल पर पूर्व में पति की हत्या का मामला दर्ज हो चुका है और वह जेल से छूटकर बाहर आई थी। पुलिस ने शक की बुनियाद पर जब गहराई से जांच की तो पता चला कि पिलेश्वर अक्सर देवकी के घर आता-जाता था और पिछले कई दिनों से वहीं रह रहा था। 9 सितंबर की रात पिलेश्वर देवकी के घर पहुंचा और शराब के नशे में विवाद करने लगा। यह स्थिति देवकी और उसके बेटे सुरेश को बेहद नागवार गुजरी। गुस्से में दोनों ने पिलेश्वर को खाट में रस्सी से बांध दिया। इसके बाद सुरेश ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया, जबकि देवकी ने पेचकस से आंख में वार किया। आरोपियों ने शोर दबाने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंसा और पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर मुरूम का ढेला पटक दिया। सुरेश ने मृतक के गुप्तांग काट दिए। पिलेश्वर की मौत होने के बाद दोनों ने शव को घसीटकर पास की नहर में फेंक दिया और कपड़े व मोबाइल भी वहीं बहा दिए। पुलिस ने देवकी और सुरेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, रस्सी, पेचकस और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े जब्त किए। मामले में धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मामले में पुलिस ने देवकी बघेल, पत्नी स्व. धनीराम बघेल, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बेमचा, थाना महासमुन्द तथा पुत्र सुरेश बघेल को गिरफ्तार किया है।
Related Articles
Comments
- No Comments...