(मुंगेली) श्रीमद् भागवत कथा के आयोजन में पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई विशिष्ट अतिथि, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

  • 13-Sep-25 07:06 AM


मुंगेली, 13 सितम्बर (आरएनएस)। मुंगेली जिला पुलिस परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ कथा के चौथे दिन का आयोजन भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वरिष्ठ विधायक पन्नूलाल मोहले, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक एवं मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश और समाज की सेवा करने वाले शहीद एवं स्वर्गीय पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिवारों के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
व्यास पीठ पर विराजमान महराज उमाकांत मिश्र जी एवं सूरज मिश्र जी द्वारा श्रीकृष्ण लीला एवं गोवर्धन पूजा की कथा का भावपूर्ण वाचन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालुजन भावविभोर हो उठे। कथा में धर्म, भक्ति, कर्तव्य और बलिदान जैसे मूल्यों की व्याख्या करते हुए जीवन में सत्य, सेवा और समर्पण की राह पर चलने का संदेश दिया गया।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि पुलिस परिवार सदैव एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में समर्पित है। ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से हम अपने वीर शहीदों की स्मृति को सजीव रखते हैं और उनके परिवारों के साथ निरंतर खड़े रहते हैं।
श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं ने सकाम कर्म, निष्काम कर्म, भक्ति, ज्ञान, सिद्धि और मर्यादा जैसे तत्वों की महत्ता को जाना। आयोजन में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिजन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए और भजन-कीर्तन में भाग लेकर अध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गए। इस धार्मिक आयोजन के सफल संचालन हेतु व्यास पीठ पर विराजमान महापुरुषों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन में यह ज्ञान यज्ञ प्रेरणादायी और सफल बना।
बंछोर
000




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment