(मुलताई/बैतूल)मां ताप्ती के जन्मोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जन सैलाब, डेढ़ लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

  • 04-Jul-25 12:00 AM

मुलताई/बैतूल 4 जुलाई(आरएनएस)।पुण्य सलिला मां ताप्ती का पावन जन्मोत्सव नगर अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, पुरूषोत्तम अग्रवाल, जयकिशन चंदेल, राजेन्द्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में नगर पालिका ताप्ती जन्मोत्सव समिति, मां ताप्ती सेवा समिति, सूर्यपुत्री मां ताप्ती सेवा न्यास, बैतूल विरासत समिति के माध्यम से सम्पन्न हुआ। जो प्रशासन की सक्रियता के चलते निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। मां ताप्ती जन्मोत्सव पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां ताप्ती के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रशासनिक अमले ने मा ताप्ती जन्मोत्सव को गंभीरता से लेते हुए जन्मोत्सव के दौरान किसी भी तरह की कोई चूक तथा भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित न हो इसका पूरा ध्यान रखा गया। बीते वर्षों की तुलना इस बार बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस बार मंगलवार बाजार तथा बस स्टैंड पर बैरिकेटिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी थी। वही शुरू से ही नगर में प्रवेश होने वाले मार्गो पर बैरीकेट तथा पुलिस बल तैनात किया गया था। ताप्ती जन्मोत्सव पर अल सुबह से ही भक्तो द्वारा ताप्ती तट पहुंच कर पूजन अर्चन किया गया। वही प्रशासन द्वारा मां ताप्ती के मंदिर से बाहर से ही भक्तो के लिए दर्शन की व्यवस्था की गई थी। जिसके चलते मंदिर में भीड़ भाड़ की स्थिति निर्मित नहीं हुई। पुण्य सलिला मां ताप्ती के जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारिया की गई थी। मंदिर की आकर्षक साज सज्जा भी की गई। सुबह 9 बजे मां ताप्ती जन्मोत्सव समिति सदस्यों द्वारा मंदिर पहुंच कर मातारानी का विधिविधान से पूजन अर्चन किया गया। वही आरती के पश्चात प्राचीन मां ताप्ती में पूजन के बाद ताप्ती तट पर स्थित सभी मंदिरों में पूजा अर्चना की गई। वही उद्गम स्थल के मध्य धर्म ध्वजा लगाई गई।जन्मोत्सव के अवसर पर प्रतिमाह सप्तमी तिथि पर सरोवर की परिक्रमा और पूजन करने वाली समिति ने शनिवार सुबह भजन गाते हुए सरोवर की परिक्रमा कर सभी मंदिरों में पूजन किया। वही सूर्यपुत्री मां ताप्ती तीर्थ न्यास के कार्यकर्ताओं ने डीजे के साथ जयकारे लगाते हुए पावन सरोवर की हाथो में श्रीफल लेकर दंडवत परिक्रमा की। उल्लेखनीय है कि जन्मोत्सव के चलते अल सुबह से ही मां ताप्ती उद्गम स्थल के तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगने लगी थी। अलसुबह से ही श्रद्धालुओं ने पावन ताप्ती सरोवर में स्नान किया साथ ही मंदिरों में पूजा अर्चना की।मां ताप्ती जन्मोत्सव के अवसर पर नगर में जगह जगह जन्मोत्सव में आने वाले भक्तो के लिए नगर के सेवा भावी संगठनों द्वारा अपनी श्रद्धा से भंडारा प्रसादी वितरण की व्यवस्था की जाती रही है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में भक्तो के लिए भंडारा प्रसादी के स्टाल जगह जगह लगाए गए थे। जहां श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण देर शाम तक किया जाते रहा। इस बार भी प्रशासन द्वारा ताप्ती उद्गम स्थल के परिक्रमा मार्ग पर भंडारा प्रसादी के स्टॉल प्रतिबंधित किए थे। जिससे परिक्रमा मार्ग पर भंडारा प्रसादी के स्टॉल नजर नहीं आए। रेल्वे स्टेशन मार्ग, बैतूल रोड,बस स्टैंड,कोर्ट रोड,बेरियर नाका रोड बीजेपी भवन, मासोद रोड, सहित दर्जनों स्थानों पर सेवा भावी संगठनों द्वारा भंडारा प्रसादी का वितरण किया गया। वही बस स्टैंड पर इस वर्ष ढाबा यूनियन द्वारा देवी जागरण का आयोजन किया गया। मातारानी के मीठे मीठे भजनों का आनंद लेते श्रद्धालु नजर आए।मां ताप्ती के पावन जन्मोत्सव पर प्रतिवर्षानुस इस वर्ष भी मां ताप्ती सेवा मंडल के सदस्यों द्वारा चुनरी चढ़ाई गई। सुबह 11 बजे मा ताप्ती तट महाआरती द्वार से चुनरी यात्रा निकाली गई। चुनरी यात्रा मां ताप्ती मंदिर से गजानन मंदिर, दुर्गा मठ, फव्वारा चौक होते हुए वापस जय स्तंभ महाआरती घाट पहुंची इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त माता बहने चुनरी यात्रा में शामिल हुई। जिसके बाद पूजा अर्चना कर मां ताप्ती को 251मीटर साडिय़ों से बनाई चुनरी चढ़ाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मां ताप्ती सेवा मंडल के सदस्यो सहित श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। वही सूरत से आई 108 मीटर चुनरी परिक्रमा कर चढ़ाई गई।पुण्य सलिला मां ताप्ती के पावन जन्मोत्सव पर बुधवार को दोपहर ढाई बजे भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा रेल्वे स्टेशन मार्ग पर स्थित दुर्गा मठ से प्रारंभ हुई। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तो की भारी भीड़ उमड़ी। वही शोभायात्रा के साथ अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा भी झाकिया तैयार कर मां ताप्ती की भव्य शोभा यात्रा में शामिल की गई थी। इस वर्ष शोभा यात्रा के दौरान बैंड बाजो के साथ डीजे की धुन पर युवाओ ने जमकर नृत्य किया। यात्रा में इस बार मा ताप्ती जन्मोत्सव समिति द्वारा विशेष चलित झाकी शामिल कराई थी। शोभा यात्रा का रथ दोपहर ढाई बजे स्मृति भवन के सामने से जय स्तंभ की ओर निकला, इस दौरान डीजे के साथ अचानक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। स्मृति भवन से लेकर फव्वारा चौक तथा मा ताप्ती परिक्रमा मार्ग पर पांव रखने तक की जगह नजर नहीं आ रही थी। सबसे ज्यादा भीड़ जय स्तंभ तथा मा ताप्ती मंदिर पहुंच मार्ग पर लग गई थी। जिसमें शिव तांडव तथा औघड़ों द्वारा विभिन्न करतब किए गए जो आकर्षण का केंद्र रहे। भरी संख्या में उमड़ी भीड़ शिव तांडव को अपने मोबाईल में कैद करते नजर आए। झाकियों में हनुमान जी की प्रतिमा तथा आदिवासी नृत्य ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। वही मां काली राम दरबार नारद मुनि के साथ ही अन्य झाकियों ने श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया।मां ताप्ती सेवा समिति मुलताई द्वारा कई वर्षों से प्रतिदिन मां ताप्ती की आरती की जाती है, और मां ताप्ती के जन्मोत्सव पर महाआरती की जाती है। इसी तारतम्य में इस वर्ष भी मां ताप्ती सेवा समिति मुलताई ने जयकिशन चंदेल के नेतृत्व में विशाल महाआरती सम्पन्न हुई। जिसमें हजारों आरती से मां ताप्ती की महाआरती हुई। पंडित संतोष शर्मा, हनुमान दुबे ने मंत्रोच्चार के बाद महाआरती सम्पन्न कराई। हमेशा की तरह शाम 7 बजे महाआरती प्रारंभ हुई और लगभग 8 बजे महाआरती समाप्त हुई। इस दौरान मां ताप्ती उद्गम स्थल के चारो ओर घाटो पर जमा श्रद्धालुओं ने अपने-अपने स्थान से मां ताप्ती की महाआरती की। इसी दौरान मां ताप्ती उद्गम स्थल के पूर्वी तट पर स्थित वाचनालय के पीछे से नगर पालिका परिषद मुलताई द्वारा आकर्षक आतीशबाजी की गई।महाआरती पश्चात नगर पालिका प्रशासन द्वारा जोरदार आतीशबाजी की जो आकर्षण का केन्द्र रही।प्रात: से ही पुलिस एवं प्रशासन सक्रिय रहा। मां ताप्ती उद्गम स्थल के चारो ओर एसडीएम राजीव कहार, एसडीओपी एके सिंह, तहसीलदार, थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, नपा के देशमुख, महेश शर्मा सहित नगर पालिका एवं प्रशासन का अमला व्यवस्था बनाते देखा गया। सुरक्षा व्यवस्था के चलते एनडीआरएफ की टीम बोट से उद्गम स्थल में सर्चिंग करती रही। दोपहर में पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया ने उद्गम स्थल का निरीक्षण किया वहीं देर शाम एडिश्रल एसपी कमला जोशी ताप्ती मंदिर के समक्ष व्यवस्था बनाते देखी गई।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment