(मेरठ)मेरठ में होगा भव्य राम-भरत मिलन, शहर सजेगा अयोध्या के रूप में

  • 01-Oct-25 12:00 AM

मेरठ 1 अक्टूबर (आरएनएस ) शहर रामलीला कमेटी पंजीकृत के अंतर्गत भव्य भरत मिलाप समिति 2025 द्वारा दिल्ली रोड स्थित रॉयल ब्लैस बैंकेट में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष विनीत गोयल ने बताया कि लगातार चार वर्षों से शारदा रोड पर राम-भरत मिलन का मंचन किया जा रहा है, जिसके उपरांत नगर भ्रमण का कार्यक्रम भी आयोजित होता है।यह आयोजन प्रत्येक वर्ष और अधिक भव्य रूप धारण करता जा रहा है। इस बार संपूर्ण क्षेत्रवासियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। मंचन स्थल पर प्रसाद वितरण, लीला मंचन, सुंदर झांकियां, आतिशबाजी और झूले आदि विशेष आकर्षण रहेंगे।मुख्य संयोजक ने जानकारी दी कि अनाज मंडी स्थित अयोध्या दरबार में हनुमान जी महाराज सरयू तट पर भगवान राम के आगमन का समाचार सुनाते हैं। पंजाया पर बनाए गए सरयू तट से भगवान राम प्रस्थान कर अयोध्या दरबार पहुँचते हैं। वहीं से भरत दौड़ते हुए शारदा रोड स्थित मंचन स्थल पर आते हैं और दोनों का भावनात्मक मिलन होता है। तत्पश्चात वनवासी राम अपनी पोशाक बदलकर राजाराम का रूप धारण करते हैं और संपूर्ण नगर का भ्रमण करते हैं।आयोजन समिति ने इस अवसर पर संपूर्ण ब्रह्मपुरी, मास्टर कॉलोनी, इंदिरा नगर, शिव शक्ति नगर, प्रेम विहार और माधवपुरम क्षेत्र को अयोध्या बनाने का संकल्प लिया है। पत्रकार वार्ता में अतुल दीक्षित, अमन सिंघल ने भी विचार रखे। वहीं इस मौके पर दीपक राजपूत, अनुपम अरोड़ा, अवनीत शर्मा, राकेश गौड़, सौरव प्रजापति सहित महानगर रामलीला समिति के मनोज गुप्ता, राकेश गर्ग, मनोज खद्दर, राकेश शर्मा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment