(रांची)विस सत्र में तिवारी महतो ने की विष्णुगढ़ को अनुमंडल बनाने की मांग

  • 13-Dec-24 12:00 AM

विष्णुगढ़/रांची 13 दिसंबर (आरएनएस)। झारखंड के नए विधानसभा सत्र के अंतिम दिन मांडू विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने विष्णुगढ़ प्रखंड को अनुमंडल बनाने की मांग की। बता दें कि विष्णुगढ़ प्रखंड हजारीबाग जिले के 24 पंचायतों वाला दूसरा सबसे बड़ा प्रखंड है। अनुमंडल कार्यालय हजारीबाग सदर में होने की वजह से अनुमंडल स्तर के प्रशासनिक एवं अन्य सरकारी कार्यों के लिए प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों के ग्रामीण 70 से 80 किमी की दूरी तय कर हजारीबाग आवागमन करने के लिए विवश हैं, इसलिए बीते कई वर्षों से विभिन्न राजनैतिक और गैर राजनैतिक संगठनों द्वारा विष्णुगढ़ को अनुमंडल बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इसके लिए कोई पहल नहीं की गई। विष्णुगढ़ को पूर्व में पुलिस अनुमंडल का दर्जा प्राप्त है, लेकिन दुखद है कि मुख्यालय प्रखंड से 30 किमी दूर दूसरे विधानसभा क्षेत्र के सिलवार में स्थित है। सत्र के अंतिम दिन विधायक तिवारी महतो द्वारा विधानसभा में प्रमुखता से बात रखते हुए कहा गया कि सरकार विष्णुगढ़ को अनुमंडल बनाने का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित करे, ताकि इतने बड़े प्रखंड क्षेत्र के लोगों को रियायत मिल सके। प्रस्ताव पारित के पश्चात विष्णुगढ़ अनुमंडल में एसडीओ, डीएसपी एवं अन्य प्रशासनिक पदों का सृजन कर अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। इसके अलावा मांडू विधायक तिवारी महतो ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा परिणाम को रद्द करने और इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की है। विधानसभा के द्वार पर श्री महतो द्वारा इस मुद्दे पर पूर्व में धरना भी दिया गया। पहले विधानसभा सत्र में मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर क्षेत्र के लोगों ने एवं एनडीए कार्यकर्ताओं ने मांडू विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment