(रायपुर)छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस का जनमुद्दों पर फोकस, संगठन में होंगे अहम बदलाव: अमित पठानिया

  • 25-Sep-25 10:04 AM

रायपुर,25 सितंबर (आरएनएस):छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस अब राज्य में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर और अधिक सक्रिय होने जा रही है। प्रदेश प्रभारी एवं भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अमित पठानिया ने मंगलवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान संगठन की रणनीति, आगामी आंदोलन और कार्यप्रणाली में संभावित बदलावों को लेकर विस्तार से जानकारी दी।

अमित पठानिया ने बताया कि युवा कांग्रेस वर्तमान में प्रदेश में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है, लेकिन बदले हुए सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके लिए संगठनात्मक संरचना में कुछ अहम सुधार किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में फिलहाल चुनाव नहीं कराए जाएंगे और प्राथमिकता पूरी तरह से संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश का नौ दिवसीय दौरा कर उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा की है। इस दौरान 11 घंटे की लंबी बैठक में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया। वहीं, रायपुर ग्रामीण और शहर इकाइयों की कार्यकारिणी बैठकों के माध्यम से संगठन के भीतर संवाद को और सशक्त किया गया है।


प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस नेता सचिन पायलट के नेतृत्व में हुई 'वोटर अधिकार यात्रा' में युवा कांग्रेस ने सक्रिय रूप से भाग लेकर मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं, प्रदेश के विभिन्न जिलों में ब्लॉक स्तरीय संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवा कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को नई दिशा देने का प्रयास किया है।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने राज्य में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इस मुद्दे पर पार्टी चरणबद्ध जनसंवाद और जनजागरण अभियान की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर से इसकी शुरुआत की जाएगी और धीरे-धीरे इसे प्रदेश के अन्य हिस्सों में ले जाया जाएगा, ताकि जनता की आवाज़ को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके।

वहीं, संगठनात्मक बदलावों की बात करते हुए अमित पठानिया ने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों की समीक्षा की जाएगी और ज़मीनी स्तर पर सक्रिय युवाओं को ज़िम्मेदारियाँ सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति में SC, ST, OBC वर्ग के साथ-साथ उन कार्यकर्ताओं को वरीयता दी जाएगी जिन्होंने पिछले चुनावों में उल्लेखनीय कार्य किया है।

उन्होंने यह भी बताया कि बूथ स्तर पर मतदाता सूचियों की समीक्षा के दौरान कुछ तकनीकी अनियमितताएँ सामने आई हैं, जिन पर संगठन गंभीरता से विचार कर रहा है। इन विषयों पर तथ्यात्मक रूप से जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर युवाओं के बीच उठ रहे सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी गई। पठानिया ने कहा कि युवा कांग्रेस निष्पक्षता और पारदर्शिता की पक्षधर है, और वह चाहती है कि सभी मामलों में एक समान मापदंड अपनाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी यह अपेक्षा रखती है कि हर व्यक्ति को कानून के समक्ष बराबर अवसर और न्याय मिले।

युवा कांग्रेस का मानना है कि आने वाले समय में युवाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होगी। अमित पठानिया ने कहा कि संगठन अब बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मज़बूत करेगा और हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा रहेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, मीडिया विभाग के अध्यक्ष तुषार गुहा, प्रदेश महासचिव गुलजय अहमद, आदिल आलम खैरानी, अमिताभ घोष, जिला अध्यक्ष प्रशांत बोकाडे, प्रवक्ता अर्जुन श्रीवास्तव और सौरभ ठाकुर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

---




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment