
(रायपुर)धमतरी के कुरूद विधानसभा क्षेत्र को मिला विकास का महा-उपहार
- 23-Sep-25 09:37 AM
- 0
- 0
**मुख्यमंत्री ने 245 करोड़ 80 लाख रूपए के विकास कार्यों की दी सौगात**
**77 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया**
रायपुर, 23 सितंबर (आरएनएस): मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेली बड़ी में 245 करोड़ 80 लाख रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कुरूद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय महतारी सदन शुभारंभ कार्यक्रम के तहत 51 महतारी सदनों का लोकार्पण भी किया गया। कुल 77 विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र को बहुआयामी प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात दी गई।
इन विकास कार्यों में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, पेयजल, उद्योग, विज्ञान, पर्यटन और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों को नई दिशा देने की योजना है।
**महिला सशक्तिकरण – महतारी सदन भवनों का लोकार्पण**
महतारी सदन योजना के अंतर्गत 2 करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से बने 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया गया। ये भवन ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के केंद्र बनेंगे।
**औद्योगिक विकास**
ग्राम करेली बड़ी और भालूझूलन में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 16 करोड़ 61 लाख रूपए की लागत से आधारभूत ढांचे के विकास हेतु भूमिपूजन किया गया। साथ ही, जी-जामगांव औद्योगिक क्षेत्र में 6 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित संरचनाओं का लोकार्पण किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्योग की संभावनाएं बढ़ेंगी।
**शिक्षा एवं कौशल विकास**
शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 करोड़ 67 लाख रूपए की लागत से आईटीआई भवन, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज और लाइवलीहुड कॉलेज भवन के लिए शिलान्यास किया गया। साथ ही 7 करोड़ 53 लाख रूपए से बने कृषि महाविद्यालय भवन एवं छात्रावास का लोकार्पण किया गया।
**सड़क एवं अधोसंरचना विकास**
धमतरी जिले में 9 नई सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिन पर 119 करोड़ 79 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे। गौरव पथ योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख रूपए से बने गातापार और बकली मार्ग का लोकार्पण भी किया गया, जो ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे।
**स्वास्थ्य सुविधाएं**
मगरलोड विकासखंड के भेण्ड्री में 75 लाख रूपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया गया। इससे ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ होंगी।
**पेयजल एवं सिंचाई**
जल जीवन मिशन के तहत लगभग 30 करोड़ रूपए की लागत से 39 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिससे हर घर जल की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति होगी। कोडेबोड़ में 26 करोड़ 37 लाख रूपए की लागत से निर्मित सूक्ष्म सिंचाई योजना का लोकार्पण और महानदी नहर पर 4 करोड़ 29 लाख रूपए की लागत से बनने वाले क्रॉस रेग्युलेटर का भूमिपूजन किया गया।
---
**विज्ञान एवं पर्यटन**
गंगरेल में साइंस पार्क के निर्माण हेतु शिलान्यास किया गया। यह परियोजना बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
**सामाजिक विकास**
राकांडीह (मधुबन धाम) में 50 लाख रूपए की लागत से बनने वाले कंवर समाज भवन की आधारशिला रखी गई। यह भवन सामाजिक एकता और सामुदायिक विकास का केंद्र बनेगा।
---
Related Articles
Comments
- No Comments...