
(रायपुर) खरगे का भाजपा पर तीखा हमला: बोले- मोदी सरकार दो बैसाखियों पर टिकी है, एक भी हटे तो गिर जाएगी
- 07-Jul-25 02:42 AM
- 0
- 0
रायपुर, 07 जुलाई (आरएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किसान-जवान-संविधान जनसभा में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। खरगे ने कहा कि रायपुर से शुरू हुई सामाजिक न्याय की आवाज ने 2024 में मोदी सरकार के घमंड को चूर-चूर कर दिया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, आज मोदी सरकार दो बैसाखियों – नीतीश कुमार और तेलुगु देशम पार्टी - के सहारे चल रही है। इनमें से कोई एक भी साथ छोड़ दे, तो सरकार गिर जाएगी। बारिश के बावजूद भारी संख्या में जनसभा में जुटे लोगों का धन्यवाद करते हुए खरगे ने कहा, यहां इतनी बारिश में भी आपकी उपस्थिति साबित करती है कि आप कांग्रेस के साथ हैं। जब आप साथ हैं, तो हमें कोई नहीं हरा सकता।
छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ हुआ अन्याय
अपने भाषण में खरगे ने केंद्र सरकार पर छत्तीसगढ़ के किसानों और जवानों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने प्रदेश के लोगों से वादे तो किए, लेकिन उन्हें निभाया नहीं। यह सरकार झूठे वादों की सरकार है, और मैं इन्हें झूठों का सरदार कहता हूं, खरगे ने तीखे स्वर में कहा। उन्होंने सवाल उठाया कि डबल इंजन सरकार कैसी होती है, जब एक इंजन बड़ा और दूसरा छोटा हो – तो गाड़ी कैसे चलेगी?
अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आते हैं?
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए खरगे बोले, शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आते हैं? क्या यह उनका घर या ससुराल है? उन्होंने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा का मुख्यमंत्री दिल्ली के इशारे पर चलता है – कहो बैठो, तो बैठ जाता है, कहो उठो, तो उठ जाता है।
प्रदेश पर बढ़ रहा कर्ज
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कर्ज के बोझ से प्रदेश को दबा रही है। उन्होंने कहा कि 2025-26 तक सरकार 47 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है, जो चिंता का विषय है। हमारे शासन में एक रुपया कर्ज बढ़ता था तो विरोध होता था। अब लोग चुप क्यों हैं? उन्होंने सवाल उठाया।
पहलगाम हमले पर पीएम की चुप्पी शर्मनाक
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि दो बार बैठक बुलाई गई, लेकिन प्रधानमंत्री उसमें शामिल नहीं हुए। उन्होंने इसे देश के लिए अपमानजनक बताया और कहा कि पीएम का ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।
भूपेश बघेल ने भी बोला हमला
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्कूल खुल गए हैं, लेकिन बच्चों को अब तक किताबें और कॉपियां नहीं मिलीं। किसानों को खाद तक नहीं मिल पा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उन्होंने केंद्र पर किसानों को नकली खाद देने और 21 क्विंटल धान खरीदी के वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया।
बघेल ने बस्तर की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां 35 से 40 हजार युवा नक्सलवाद के डर से क्षेत्र छोडऩे को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जब देश संकट में था, तब राहुल गांधी और खरगे देश के साथ खड़े थे, लेकिन प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार में व्यस्त रहे।
सभा में दिखा जनसमर्थन
भारी बारिश के बावजूद जनसभा में लोगों का उत्साह देखने लायक था। रेनकोट और छतरियों के सहारे लोग मैदान में डटे रहे। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। सभा के अंत में 'छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ाÓ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
0
Related Articles
Comments
- No Comments...