(रायपुर) छत्तीसगढ़: NHM कर्मचारियों की हड़ताल को झारखंड से समर्थन, केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग

  • 16-Sep-25 09:04 AM

रायपुर,16 सितंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में बीते एक महीने से हड़ताल पर बैठे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों को मंगलवार को सरकार ने अंतिम चेतावनी दी है कि वे काम पर लौट आएं, वरना उनकी जगह नए कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

इस बीच झारखंड के स्वास्थ्यकर्मी संगठनों ने छत्तीसगढ़ के आंदोलनकारी कर्मचारियों को अपना समर्थन दे दिया है। झारखंड के चिकित्साकर्मी संघ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर इस मामले में दखल देने की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ के करीब 16,000 NHM कर्मचारी 18 अगस्त 2025 से अपनी 10 मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने पहले बातचीत में आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उल्टा, आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख पदाधिकारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है।

सरकार ने यह भी आदेश जारी किया है कि अगर 16 सितंबर तक कर्मचारी काम पर नहीं लौटते तो उनकी जगह नए कर्मचारियों की भर्ती कर दी जाएगी। कर्मचारी संघ ने सरकार के इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

संघ का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचते आ रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब झारखंड के स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि अगर केंद्र सरकार ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो झारखंड के NHM और JSACS कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल हो सकते हैं।

---




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment