
(रायपुर) पामगढ़ विधायक के कथित ऑडियो पर भाजपा ने साधा निशाना, कांग्रेस पर फिर लगे भ्रष्टाचार के आरोप
- 18-Sep-25 03:17 AM
- 0
- 0
रायपुर,18 सितंबर (आरएनएस): पामगढ़ की कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश के वायरल ऑडियो क्लिप को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय ने इस पूरे मामले को कांग्रेस के "भ्रष्ट राजनीतिक चरित्र" का शर्मनाक उदाहरण बताया है।
शताब्दी पाण्डेय ने कहा कि वायरल ऑडियो में जिस तरह खुलेआम रेत खनन के सौदे में लेन-देन की बात की जा रही है, वह कांग्रेस के डीएनए में गहराई तक फैले भ्रष्टाचार की एक और बानगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूरा राजनीतिक इतिहास घोटालों और कलंक कथाओं से भरा पड़ा है।
पाण्डेय ने आगे कहा कि भूपेश बघेल की सरकार के पांच साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था, और उस समय कई नेता इसमें शामिल रहे। आज वे या तो जेल में हैं या जमानत की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब सत्ता से बाहर होने के बाद भी अपने पुराने तौर-तरीकों से बाज नहीं आ रही है।
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, वायरल ऑडियो में पामगढ़ की विधायक कथित रूप से रेत कारोबारियों से हर महीने 10 लाख रुपये की मांग करती सुनाई देती हैं — जिसमें 5 लाख खुद के लिए और 2-2 लाख कलेक्टर और SDM के लिए मांगे गए। साथ ही एक अन्य व्यक्ति को 1 लाख रुपये देने की बात भी कही गई है।
भाजपा ने कहा कि यह ऑडियो कांग्रेस के उस चरित्र पर मुहर लगाता है, जो पार्टी फंड तक में भ्रष्टाचार करने से नहीं चूकती। पाण्डेय ने सवाल उठाया कि विपक्ष में रहते हुए भी अगर कांग्रेस के जनप्रतिनिधि इस तरह के सौदे कर रहे हैं, तो सत्ता में रहते हुए हालात क्या होंगे, इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
---
Related Articles
Comments
- No Comments...