(रायपुर) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारों से चर्चा

  • 14-Sep-25 10:18 AM

0 समाज में बिगड़ते माहौल पर चिंता, किसानों और मध्यमवर्ग की समस्याएं उठाईं
रायपुर, 14 सितंबर (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए हाल ही में चर्चा में आए एक आयोजन को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से समृद्ध राज्य में ऐसे आयोजन सार्वजनिक तौर पर होना सामाजिक मर्यादा और कानून व्यवस्था दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने अपील की कि शासन-प्रशासन को इस तरह की घटनाओं पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए जनता के बीच भरोसा कायम रखना चाहिए। समाज के भीतर गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों और प्रशासन को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
बैज ने कहा कि धान खरीदी के लिए एग्री स्टेक पोर्टल में पंजीयन को लेकर किसानों को कई व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तकनीकी दिक्कतें, पोर्टल का समय पर काम न करना, और उचित मार्गदर्शन की कमी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के लिए पंजीयन प्रक्रिया को सरल, सहज और पूर्व की तरह अधिक व्यवहारिक बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को इस विषय पर पुनर्विचार करते हुए सभी किसानों के लिए सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि किसी को भी समर्थन मूल्य से वंचित न रहना पड़े। प्तप्तप्त जीएसटी दरों में सुधार स्वागत योग्य, पर संतुलन जरूरी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में जीएसटी दरों में की गई कुछ कटौतियों का स्वागत है, लेकिन यह भी जरूरी है कि टैक्स प्रणाली आम आदमी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए और अधिक संतुलित बनाई जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में कई आवश्यक वस्तुओं पर अपेक्षाकृत ऊंचे दरों से कर लगाया गया, जिससे मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग प्रभावित हुआ। अब जब सरकार कुछ राहत देने की दिशा में आगे बढ़ रही है, तो उसे और व्यापक दृष्टिकोण से जनता की जरूरतों के अनुसार टैक्स ढांचा तय करना चाहिए।
प्तप्तप्त वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के तहत राज्यव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में जनता से सीधे संवाद करने के लिए वोट चोर, गद्दी छोड़ नामक अभियान चलाएगी।
यह अभियान पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा, जिसके माध्यम से पार्टी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाकर लोगों से जुड़ाव बनाएगी और उनके मुद्दों को उठाएगी।
16 सितंबर को रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और पदयात्रा के साथ इसकी शुरुआत होगी। उसी दिन कोरबा में मशाल रैली निकाली जाएगी। 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली, और बेमेतरा में कार्यक्रम होंगे। 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में आयोजन होगा। इस अभियान में कांग्रेस के प्रभारी महासचिव श्री सचिन पायलट, प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
0

 




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment