
(रायपुर) बस्तर दशहरा में पहली बार शामिल होंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दंतेश्वरी मां के दरबार में करेंगे पूजा
- 04-Oct-25 06:05 AM
- 0
- 0
रायपुर, 04 अक्टूबर (आरएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान आज बस्तर पहुंचेंगे, जहां वे ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगे। यह पहला मौका होगा जब कोई केंद्रीय गृहमंत्री इस आयोजन में भाग लेगा।
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उनके इस दौरे को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि अमित शाह आज दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद मुरिया दरबार में आयोजित परंपरागत कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के संकल्प को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का जो लक्ष्य रखा गया है, वह अब काफी हद तक साकार होता दिख रहा है। शर्मा ने कहा, अब नक्सली संगठन के पोलित ब्यूरो में केवल चार सदस्य बचे हैं और सीसी मेंबर की संख्या भी बहुत कम रह गई है। यह छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा जताया कि नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है, और सही समय पर इसका पूरी तरह से खात्मा हो जाएगा।
बंछोर
०००
Related Articles
Comments
- No Comments...