(रायपुर) बिलासपुर नगर निगम में वॉट्सऐप चैटबॉट से मिलेंगी नागरिक सेवाएं, शुरू हुई डिजिटल सुविधा

  • 18-Sep-25 09:47 AM

रायपुर, 18 सितंबर (आरएनएस): बिलासपुर नगर निगम प्रदेश का पहला ऐसा नगरीय निकाय बनने जा रहा है, जहां नागरिकों को घर बैठे स्मार्ट चैटबॉट के माध्यम से सुविधाएं मिलेंगी। डिजिटल इंडिया की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अब लोग वॉट्सऐप आधारित चैटबॉट की मदद से संपत्ति कर संबंधी जानकारी व भुगतान, बिल्डिंग परमिशन, शिकायत पंजीकरण, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं कुछ ही मिनटों में प्राप्त कर सकेंगे।

**कैसे करेगा काम चैटबॉट**

इस सुविधा के लिए नगर निगम ने एक विशेष वॉट्सऐप नंबर – **91 88157 82574** जारी किया है। इस नंबर को मोबाइल में सेव करने के बाद उपयोगकर्ता केवल “नमस्ते” या “हाय” लिखकर मैसेज भेजेगा। इसके बाद एक ऑटोमेटेड रिप्लाई प्राप्त होगा, जिसमें उपलब्ध सेवाओं की सूची दी जाएगी। उपयोगकर्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार सेवा चुनकर प्रक्रिया पूरी कर सकता है। यह चैटबॉट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर आधारित है और मेटा की प्रणाली की तर्ज पर काम करेगा। निगम द्वारा इस सुविधा की जानकारी अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से दी जा रही है।

**स्वच्छ वार्ड चैलेंज में हर माह मिलेगा 10 लाख का इनाम**

स्वच्छता को लेकर बिलासपुर नगर निगम द्वारा एक और पहल की जा रही है। शहर के हर वार्ड को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से **स्वच्छ वार्ड चैलेंज प्रतियोगिता** की शुरुआत की जा रही है। इस चैलेंज में हर माह सभी वार्डों का सर्वे होगा और जो वार्ड स्वच्छता के मानकों पर सबसे बेहतर प्रदर्शन करेगा, उसे विकास कार्यों के लिए **10 लाख रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति** दी जाएगी।

इसके साथ ही इस बार **स्वच्छ दुर्गोत्सव पंडाल प्रतियोगिता** भी आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता स्वच्छ गणेश पंडाल की तर्ज पर होगी। इसमें सबसे स्वच्छ दुर्गा पंडाल को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पुरस्कृत किया जाएगा।

इन पहलों के जरिए बिलासपुर नगर निगम न सिर्फ नागरिकों की सुविधाएं बढ़ा रहा है, बल्कि स्वच्छता को लेकर शहर को नई दिशा देने की कोशिश भी कर रहा है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment