
(रायपुर) संगठनात्मक मजबूती के लिए किए जाएंगे अहम बदलाव: अमित पठानिया
- 25-Sep-25 03:01 AM
- 0
- 0
० यूथ कांग्रेस संगठन में अभी नहीं होंगे चुनाव, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस करेगा बड़ा आंदोलन
रायपुर, 25 सितम्बर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव श्री अमित पठानिया द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की मजबूती, भविष्य की रणनीति एवं भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतियों को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। प्रभारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस का संगठन निरंतर सक्रिय और सशक्त भूमिका में है। लेकिन बदलते हालात में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है, जिसके लिए कई अहम बदलाव किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा जनता को ठगने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम कर रही है। श्री अमित पठानिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में संगठन बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करेगा और हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा रहेगा। इस दौरान नेताओं ने बताया प्रभारी नियुक्त होने के बाद लगातार 9 दिनों तक प्रदेश का दौरा किया गया। इस दौरान हुई 11 घंटे लंबी बैठक में संगठन की दिशा और रणनीति पर गहन चर्चा हुई। सचिन पायलट के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनता को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। रायपुर ग्रामीण एवं शहर जिला कार्यकारिणी की बैठकों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। सक्रिय न रहने वाले पदाधिकारियों को पदमुक्त किया जाएगा, वहीं नए साथियों को शामिल किया जाएगा। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग और चुनाव जीतने वाले साथियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही बूथ स्तर की जांच में गड़बडिय़ों का खुलासा हुआ है। भाजपा के कारनामों को जनता के सामने रखा जाएगा। जनता पर 2 से 3 गुना ज्यादा बिल का बोझ डाला जा रहा है। इसके खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि दोहरी नीति राज्य सरकार अपना रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पर आरोपों के बावजूद कार्यवाही नहीं हुई, जबकि युवा कांग्रेस के नेताओं पर भ्रष्टाचार उजागर करने पर एफआईआर दर्ज की गई। प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि बढ़ती बिजली बिल को लेकर युवा कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी। आने वाले समय में रायपुर राजधानी से एक बड़ा आंदोलन शुरू होगा, जिसमें आम जनता को शामिल किया जाएगा और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Related Articles
Comments
- No Comments...