
(रायपुर) सांसद अग्रवाल नुआखाई मिलन समारोह में हुए शामिल
- 22-Sep-25 01:37 AM
- 0
- 0
रायपुर, 22 सितम्बर (आरएनएस)। राजधानी में आज घासी घसिया समाज द्वारा आयोजित नुआखाई मिलन समारोह में लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भाग लेकर समाज के भाई-बहनों से मिलकर अपनी खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर सांसद ने समाज की समृद्ध परंपराओं, मेहनत और संस्कृति की सराहना की। उन्होंने कहा कि नुआखाई पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह मेहनतकश समाज की आस्था, श्रम और परंपरा का प्रतीक है। नुआखाई का पर्व मुख्यत: कृषि प्रधान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह पर्व नए अनाज के स्वागत और उसकी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस पर्व से हमें सामूहिकता, भाईचारा और सामाजिक एकता का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने प्राकृतिक संसाधनों और मेहनत करने वालों का सम्मान करना चाहिए और यही संदेश नुआखाई हमें देता है। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा और महिला सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उन्होंने नुआखाई के पारंपरिक रीति-रिवाजों, गीतों और नृत्यों का आनंद लिया। सांसद ने समाज के सदस्यों को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पारंपरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए करें प्रेरित इस अवसर पर उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने बच्चों और युवाओं को इस प्रकार की सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि हमारी सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढिय़ों तक सुरक्षित और जीवित रहे। उन्होंने कहा कि नुआखाई केवल कृषि और अनाज का उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारे सामाजिक जीवन में भाईचारे, सहयोग और कृतज्ञता की भावना को भी बढ़ावा देता है। समारोह के अंत में सांसद ने समाज के सभी सदस्यों के साथ मिलकर नुआखाई का स्वागत किया और उनके उत्साह में शामिल होकर एकजुटता का प्रतीक प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक सहयोग को मजबूत करते हैं। त्रिपाठी
Related Articles
Comments
- No Comments...