(रायपुर) हड़ताल खत्म कर ्यूटी पर लौटेंगे एनएचएम कर्मचारी - स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल

  • 19-Sep-25 02:06 AM

रायपुर,19 सितबंर (आरएनएस)। प्रदेशभर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के बीच बातचीत सफल रही है और सहमति बन गई है कि अब कर्मचारी हड़ताल खत्म करेंगे और ड्यूटी पर लौटेंगे।
मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि एनएचएम कर्मचारी सरकार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी अधिकांश मांगें मान ली गई हैं। सरकार ने 4 प्रमुख मांगों को मंजूरी दे दी है, जबकि 3 अन्य मांगों पर समिति बनाकर आगे की कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा तीन मांगों को उच्च स्तरीय समिति के पास विचार के लिए भेजा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों को एक माह का नोटिस दिया गया था, यदि वे काम पर लौटते हैं तो उनका नोटिस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली पर भी सकारात्मक विचार हो रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने चिंता जाहिर की कि 18 अगस्त से चल रही हड़ताल की वजह से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं काफी प्रभावित हुई हैं। हालांकि एनएचएम संगठन के प्रतिनिधियों, हेल्थ मिशन के एमडी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बातचीत में समाधान का रास्ता निकला है। मंत्री ने साफ संकेत दिया कि यदि अब भी कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं, तो सरकार वैकल्पिक रास्ता अपनाते हुए नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment