(रुड़की)भाकियू ने विजिलेंस टीम की कार्रवाई पर उठाया सवाल
- 06-Feb-25 12:00 AM
- 0
- 0
रुड़की,06 फरवरी (आरएनएस)। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम द्वारा इलाके में की जा रही कार्रवाई को भारतीय किसान यूनियन ने किसानों का उत्पीडऩ बताते हुए नाराजगी जताई है। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि जल्द इसे लेकर बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। इलाके में ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम की कार्रवाई के बाद भारतीय किसान यूनियन गढ़वाल अध्यक्ष संजय चौधरी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि ऊर्जा निगम की टीम किसानों को बिजली चोरी के नाम पर परेशान कर रही है। भाकियू अब बगैर वार्ता किए टीम को गांव में घुसने नही देंगी। बुधवार को बूडपुर जट गांव में ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने बिजली उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की थी। इसके बाद मौके पर पहुंची भाकियू ने टीम का विरोध किया था। चौधरी ने कहा कि ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम गांव में गरीब जनता को परेशान कर रही है। जबकि बड़े पैमाने पर उद्योगों में बिजली चोरी की जा रही है, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कहा किसान पहले से ही महंगाई के चलते कर्ज में डूबा हुआ है और सरकार फसल मूल्य बढ़ाकर किसान को नहीं दे रही है। कर्मचारी, अधिकारियों और सांसद-विधायकों के वेतन हर साल बढ़ रहे हैं। संजय चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने किसी गांव में घुसने का प्रयास किया तो भारतीय किसान यूनियन ग्रामीण के साथ मिलकर पूर्ण रूप से विरोध करेगी। इसके लिए जल्द आंदोलन चलाया जाएगा।
Related Articles
Comments
- No Comments...