(लखनऊ)अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला: प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट, सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का अभाव
- 28-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 28 सितंबर (आरएनएस ),समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजधानी के बड़े सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों को जरूरी सुविधाएं और दवा नहीं मिल पा रही हैं। पीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान जैसे बड़े मेडिकल संस्थानों में वेंटीलेटर और बेड तक मिलना मुश्किल हो गया है।अखिलेश यादव ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में स्थायी विशेषज्ञ डॉक्टर, महिला डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ की भारी कमी है। जबकि सरकार बार-बार सरप्लस बजट का दावा करती है, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों में स्थायी भर्ती और आवश्यक सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। हर दिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन उनके इलाज की सुविधा नहीं है। संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों से काम चलाया जा रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के समय बने बड़े मेडिकल संस्थानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कैंसर इंस्टीट्यूट सहित अन्य संस्थानों में बजट के अभाव में तमाम कार्य ठप हैं। लखनऊ के सिविल अस्पताल को भी सरकार सुचारू रूप से नहीं चला पा रही है।जिलों के सरकारी अस्पतालों की स्थिति भी गंभीर है। मरीज और उनके परिजन बिजली कटौती, सर्वर डाउन होने और जांच ठप होने जैसी समस्याओं से जूझते हैं। जिलों में बने मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंगें केवल कागजों में हैं, इनमें गंभीर मरीजों का इलाज नहीं होता।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के झूठे दावों और आंकड़ों से जनता गुमराह हो रही है। गुणवत्तापूर्ण इलाज के अभाव में लोग निजी अस्पतालों की ओर मजबूर हैं। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर कर रही है। उनका कहना था कि भाजपा सत्ता से हटे तभी प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार संभव होगा।
Related Articles
Comments
- No Comments...