(लखनऊ)अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, प्रदेश में स्वास्थ्य, कानून और शिक्षा व्यवस्था को बताया बर्बाद
- 07-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 7 अक्टूबर (आरएनएस ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में बदइंतजामी है और सरकार पूरी तरह से नाकाम है। भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है और झूठे आंकड़ों के माध्यम से जनता को भ्रमित कर रही है।अखिलेश यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को चरम पर बताते हुए कहा कि जनता दैनिक जीवन में परेशान है। अस्पतालों में दवा और इलाज की सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और जरूरी सुविधाओं का अभाव है। किसानों को खाद और बीज नहीं मिल पा रहा और जंगली जानवरों के हमलों से लोग असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है।पूर्व मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ अपराध और अपहरण की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिला अपराध देश में सबसे ज्यादा हो रहे हैं और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा सरकार के पास झूठ और झूठे आंकड़े के सिवा कुछ नहीं है। प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है, हर विभाग और कार्य में अनियमितताएं हैं। उन्होंने अवैध कारोबार, जमीनों पर कब्जा, दलितों और गरीबों के प्रति अन्याय और पीडीए पर अत्याचार बढऩे का आरोप लगाया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अराजकता का माहौल है और मुख्यमंत्री एवं उनके मंत्री जनता को झूठे आंकड़ों से भरमाने की कोशिश कर रहे हैं। विकास कार्य ठप्प हैं और बजट का लूट और बंदरबांट हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है।उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी सरकार ही प्रदेश का विकास सुनिश्चित कर सकती है। उनकी सरकार आने पर लोगों को दवा-इलाज और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी, महंगाई और बेरोजगारी से निजात मिलेगी। बहन-बेटियों को सुरक्षा और सम्मान मिलेगा, हर वर्ग को न्याय मिलेगा और नौजवानों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के झूठ, अन्याय और अत्याचार से मुक्ति चाहती है और समाजवादी सरकार इसके लिए ही आवश्यक है।
Related Articles
Comments
- No Comments...