(लखनऊ)इंस्पायर मानक योजना के तहत राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता लखनऊ में प्रारम्भ
- 13-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 13 अक्टूबर (आरएनएस)। इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट तीन दिवसीय प्रतियोगिता लखनऊ पब्लिक कॉलेजिएट में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार, राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान-भारत और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में प्रारम्भ हुई। प्रतियोगिता का शुभारम्भ संयुक्त शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल ने किया।मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रोटोटाइप मॉडल और प्रोजेक्ट का अवलोकन करते हुए छात्रों से उनके मॉडल के विषय में संवाद किया। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से रचनात्मक और नवीन सोच को बढ़ावा देना, छात्रों को अनुसंधान और विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनके मौलिक और नवाचारपूर्ण तकनीकी विचारों को प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना है।प्रतियोगिता के पहले दिन वर्ष 2023-24 में जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित कुल 108 छात्र-छात्राओं ने अपने प्रोटोटाइप मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। ज्यूरी ने राष्ट्रीय स्तर पर वार्षिक प्रदर्शनी और परियोजना प्रतियोगिता के लिए उत्कृष्ट 11 मॉडल और प्रोजेक्ट का चयन किया। राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए चयनित छात्रों में कु. अनन्या सिंह (मैनपुरी), देवांश गुप्ता (मथुरा), कु. दिव्या (कासगंज), कु. मान्या सेठी (औरैया), कु. गुडिय़ा (इटावा), प्रशान्त कुमार (इटावा), अभिनंजय पाण्डेय (लखनऊ), ईरा अग्रवाल (गाजियाबाद), उद्धव गुप्ता (गाजियाबाद), औलकिक श्रीशुवाल (मुजफ्फरनगर) और अभिषेक सिंह (वाराणसी) शामिल हैं। इन्हें अंगवस्त्र, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रतिभागियों के मॉडल और परियोजनाओं का मूल्यांकन ज्यूरी सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमें वरिष्ठ वैज्ञानिक कमलेश कुमार शर्मा, प्रधान वैज्ञानिक मनीष एस. भोयर, सहायक प्राध्यापक पुष्कर त्रिपाठी, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्राध्यापक विनोद कुमार, सन्दीप पुण्डीर, महेन्द्र कुमार अग्निहोत्री तथा राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्थान के विशेषज्ञ प्रशान्त श्रीवास्तव, सुनील भास्कर और अनन्त गुप्ता शामिल थे।प्रतियोगिता के दूसरे और तीसरे दिन 14 और 15 अक्टूबर को वर्ष 2024-25 में जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित कुल 347 छात्र-छात्राओं द्वारा राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में अपने प्रोटोटाइप मॉडल और परियोजनाएं प्रस्तुत की जाएंगी।इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रदीप कुमार मण्डलीय, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, निरीक्षक आंग्ल भारतीय विद्यालय मनीशा द्विवेदी, सहायक शिक्षा निदेशक जय शंकर श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक जावेद आलम खान, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी और विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।
Related Articles
Comments
- No Comments...