(लखनऊ)उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
- 07-Oct-24 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 7 अक्टूबर (आरएनएस ),प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सोमवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में विभागीय कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एम.पी. अग्रवाल, विशेष सचिव शिपू गिरी, गिरिजेश त्यागी, निदेशक उच्च शिक्षा प्रयागराज डॉ. अमित भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।बैठक का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा विभाग के कार्यों का आकलन करना और लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना था। मंत्री उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्रता से निपटाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रहितों और शैक्षिक सुधारों से जुड़े मामलों में देरी अस्वीकार्य है और सभी संदर्भों का निस्तारण समयसीमा के भीतर किया जाना चाहिए।उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यवाही की जानकारी समयबद्ध रूप से संबंधित अधिकारियों और मंत्री कार्यालय को दी जाए, ताकि पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने विभागीय प्रक्रियाओं में सुधार कर कार्यों को अधिक सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया।मंत्री ने अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए आवश्यक सुधारों पर बल दिया और सभी को कार्य में तेजी लाने की अपील की। प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री को आश्वासन दिया कि उनके निर्देशों के अनुरूप त्वरित कार्यवाही की जाएगी और विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित की जाएगी।मंत्री उपाध्याय ने अंत में कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार सक्रिय है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Related Articles
Comments
- No Comments...