(लखनऊ)उत्तर प्रदेश में आयोजित होगी बोधि यात्राÓ, पांच आसियान देशों के प्रतिनिधि करेंगे बौद्ध स्थलों का भ्रमण

  • 29-May-25 12:00 AM

लखनऊ 29 मई (आरएनएस ) । उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के सहयोग से 2 जून से 7 जून 2025 तक बोधि यात्राÓ नामक फैम ट्रिप (फैमिलियराइजेशन ट्रिप) का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा मेकांग-गंगा सहयोग (एमजीसी) कार्य योजना (2019-2024) के तहत आयोजित की जा रही है, जिसमें कम्बोडिया, लाओ पीडीआर, म्यांमार, थाईलैंड और वियतनाम जैसे पांच आसियान देशों के 50 प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश की बौद्ध विरासत स्थलों का भ्रमण करेंगे। प्रतिनिधियों में ट्रैवल एजेंट्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बौद्ध भिक्षु शामिल हैं।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बोधि यात्रा में शामिल सभी विदेशी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और आसियान देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भगवान बुद्ध की कर्मभूमि है, जहां उन्होंने ज्ञान प्राप्ति के बाद मानव कल्याण के लिए उपदेश दिए। आज के वैश्विक परिप्रेक्ष्य में जब दुनिया युद्ध और संघर्ष के खतरे से जूझ रही है, बुद्ध का मार्ग ही विश्वशांति का रास्ता दिखाता है।जयवीर सिंह ने बताया कि बोधि यात्रा में प्रत्येक देश से 10 प्रतिनिधियों का चयन उनके संबंधित सरकारों द्वारा किया गया है। यह यात्रा श्रावस्ती, कपिलवस्तु, कुशीनगर, सारनाथ, वाराणसी, लखनऊ और आगरा जैसे उत्तर प्रदेश के छह प्रमुख बौद्ध स्थलों तक जाएगी। 7 जून को यात्रा का समापन सारनाथ में होगा, जहां से यह बिहार के बौद्ध स्थलों की ओर आगे बढ़ेगी। सारनाथ में बिहार पर्यटन विभाग द्वारा प्रतिनिधियों का स्वागत किया जाएगा।इस फैम ट्रिप का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को प्रदेश की समृद्ध बौद्ध विरासत, प्राचीन मंदिरों, संग्रहालयों और ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराना है। इस पहल के माध्यम से उत्तर प्रदेश को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही यह यात्रा प्रदेश के धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी नई दिशा प्रदान करेगी।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment