(लखनऊ)चिनहट पुलिस की बड़ी सफलता : 10 हजार के इनामी अभय माफिया को किया गिरफ्तार, देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
- 07-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 7 अक्टूबर (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी अंतर्गत थाना चिनहट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। पुलिस के अनुसार अभय माफिया लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर उच्चाधिकारियों द्वारा इनाम घोषित किया गया था।थाना चिनहट में 1 अक्टूबर 2025 को शैलेन्द्र वर्मा निवासी एफ-ब्लॉक, सीबीसीआईडी कॉलोनी, विकल्प खंड, गोमतीनगर की तहरीर पर एक गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्षीगण आशुतोष मिश्रा, सत्यम, उत्कर्ष मिश्रा, अभय प्रताप सिंह और तीन-चार अन्य अज्ञात व्यक्ति असलहों से लैस होकर एक राय बनाकर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर धमकी दे रहे थे। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और विवेचना उपनिरीक्षक विकास कुमार तिवारी को सौंपी गई।घटना के बाद उच्चाधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त सत्यम और उत्कर्ष मिश्रा को दो अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, मुख्य अभियुक्त अभय प्रताप सिंह उर्फ अभय माफिया गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा।अभय माफिया मूल रूप से ग्राम चंदौर, थाना कुडवा, जनपद सुल्तानपुर का निवासी है और वर्तमान में गोमतीनगर विस्तार स्थित बेतवा अपार्टमेंट में किराए पर रह रहा था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की सूचना मिली और सात अक्टूबर को चिनहट पुलिस टीम ने बेतवा अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से .32 बोर की देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आम्र्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।अभय माफिया का आपराधिक इतिहास भी काफी पुराना है। उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं जिनमें मारपीट, धमकी और असलहा अधिनियम के मामले शामिल हैं। इनमें मुकदमा संख्या 148/2024 थाना सुशांत गोल्फ सिटी, मुकदमा संख्या 166/2025 और मुकदमा संख्या 439/2025 थाना चिनहट में दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि अभय माफिया स्थानीय स्तर पर दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और कई बार विवादों में संलिप्त रहा है।गिरफ्तारी अभियान में थाना चिनहट के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र मिश्रा, उपनिरीक्षक विकास कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक धनंजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दीपक पाण्डेय, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, कांस्टेबल विनय शुक्ला और महिला कांस्टेबल आरती सिंह शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चिनहट क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभय माफिया की गिरफ्तारी से स्थानीय क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बनाने में पुलिस को सफलता मिली है और आम नागरिकों का विश्वास कानून-व्यवस्था पर और मजबूत हुआ है।
Related Articles
Comments
- No Comments...