(लखनऊ)प्रदेश में छात्रवृत्ति का समय से पूर्व वितरण – 4 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ
- 24-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ( आरएनएस ) 24 सितम्बर 2025।प्रदेश की योगी सरकार ने शिक्षा और छात्रों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष एक ऐतिहासिक पहल की है। छात्र-छात्राओं को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए नवरात्र के अवसर पर छात्रवृत्ति का वितरण करने का निर्णय लिया गया है। आगामी 26 सितम्बर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रदेश के 4 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण श्री नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में छात्रवृत्ति वितरण में ऐतिहासिक सुधार किया गया है। पूर्व में यह प्रक्रिया फरवरी-मार्च में होती थी, जबकि अब इसे सितम्बर माह में प्रदान किया जाएगा, जिससे छात्र-छात्राएँ इसका लाभ समय पर उठा सकें। यह कदम विद्यार्थियों के लिए दीपावली से पूर्व एक विशेष उपहार के रूप में भी देखा जा सकता है।मंत्री कश्यप ने बताया कि वर्ष 2024 में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लगभग 59 लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिली थी, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 70 लाख से अधिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को उनके सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करने वाला माध्यम है।छात्रवृत्ति समय से पहले पहुंचाने के लिए पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभागों ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में व्यापक रणनीति तैयार की है। मंत्री कश्यप ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्रा की पढ़ाई केवल आर्थिक अभाव के कारण बाधित न होने देना है।इस अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप, समाज कल्याण राज्यमंत्री श्री असीम अरुण, राज्य मंत्री समाज कल्याण श्री संजीव गोंड और अल्पसंख्यक राज्य मंत्री श्री दानिश आज़ाद अंसारी उपस्थित रहेंगे।
Related Articles
Comments
- No Comments...