(लखनऊ)भाजपा राज में ज़मीन पर कब्ज़ों का रिकॉर्ड टूट रहा: अखिलेश यादव

  • 04-Apr-25 12:00 AM

लखनऊ 4 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में ज़मीन से जुड़े मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने पूरे प्रदेश को भू-माफियाओं के हवाले कर दिया है, जहां गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर जैसे शहर भू-माफिया कमिश्नरेटÓ में तब्दील हो चुके हैं।अखिलेश यादव ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा राज में धर्मार्थ भूमि, तालाब, जंगल – कोई भी सुरक्षित नहीं रह गया है। भाजपा संरक्षित, प्रायोजित और पोषित स्थायी भू-माफिया खुलेआम कब्ज़े कर रहे हैं। वहीं अवैध खनन और जंगलों की कटाई जैसे काम अस्थायी भू-माफिया कर रहे हैं, जिन पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है। भारतीय ज़मीन पार्टीÓ की सरकार में ज़मीन पर कब्ज़ों के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख ने भाजपा को सबसे बड़ी भू-माफिया पार्टी बताते हुए कहा कि जमीनों को लेकर भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। भाजपा नेता और उनके करीबी अधिकारी किसानों और गरीबों की जमीनें छीनकर, उनके साथ अन्याय कर रहे हैं। अयोध्या में सरकार ने अधिग्रहीत ज़मीनों को अपने करीबियों को सौंप दिया और असली हकदारों को उचित मुआवज़ा तक नहीं दिया गया, उन्होंने कहा। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार संविधान विरोधी कार्यों में लिप्त है और उसने पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के साथ अन्याय की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। इस सरकार ने पहले पीडीए समाज का सम्मान छीना, फिर नौकरियों में आरक्षण छीना और अब उनकी ज़मीनें हड़पने की कोशिश कर रही है। सत्ता के अहंकार में डूबी भाजपा को 2027 में पीडीए समाज उत्तर प्रदेश की जनता के साथ मिलकर जवाब देगा, उन्होंने कहा।सपा अध्यक्ष के इस हमलावर रुख से साफ है कि आने वाले समय में भू-अधिकार और किसानों के हक का मुद्दा एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में रहने वाला है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment