(लखनऊ)मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत किया गया
- 08-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ 8 अक्टूबर (आरएनएस)। महिला एवं बाल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह (3 से 11 अक्टूबर) के अवसर पर प्रदेश की सभी बाल देखरेख संस्थाओं में आज विशेष सेल्फ डिफेंस कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य संस्थाओं में रह रही बालिकाओं को व्यावहारिक आत्मरक्षा कौशल सिखाना तथा उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।कार्यशालाओं में प्रशिक्षकों द्वारा बालिकाओं को विभिन्न सरल और प्रभावी आत्मरक्षा तकनीकें सिखाई गईं, जिन्हें किसी भी संकटपूर्ण स्थिति में तुरंत अपनाकर स्वयं की रक्षा की जा सके। साथ ही मानसिक साहस, सजगता और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। बालिकाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए सीखा कि कठिन परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ कैसे प्रतिक्रिया दी जाती है।महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जोहरी ने कहा कि बाल देखरेख संस्थाओं में रहने वाली बालिकाएँ पहले ही विपरीत परिस्थितियों का सामना कर चुकी हैं। उन्हें आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना केवल सुरक्षा कवच प्रदान करना नहीं है, बल्कि उनके मनोबल और आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी माध्यम है। मिशन शक्ति का लक्ष्य है कि हर बालिका निर्भय होकर अपने सपनों की ओर बढ़ सके।इस कार्यक्रम का महत्व केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बालिकाओं में आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी साधन बना। मिशन शक्ति के इस प्रयास से बाल देखरेख संस्थाओं की बालिकाओं में आत्मबल और साहस का विकास होगा और उनकी सुरक्षा और अधिक सशक्त होगी।उल्लेखनीय है कि मिशन शक्ति के इस 5वें चरण के दौरान दिनांक 22 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2025 के मध्य कुल 13.58 लाख व्यक्तियों को जागरूक किया गया है, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बालक और बालिकाएं सभी शामिल हैं। इस प्रकार विभाग द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
Related Articles
Comments
- No Comments...