(लखनऊ)लखनऊ में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया शुभारंभ

  • 01-Jul-25 12:00 AM

लखनऊ, 1 जुलाई (आरएनएस )मानसून के आगमन के साथ संचारी रोगों के खतरे को देखते हुए राजधानी लखनऊ में एक माह तक चलने वाला विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से प्रारंभ हो गया। दस्तक अभियान के तहत इस महाअभियान की शुरुआत नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अलीगंज से हुई। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, लखनऊ उत्तर से विधायक नीरज बोरा, पार्षद पृथ्वी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जोनल अधिकारी, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संचिता मिश्रा, सत्येंद्र नाथ, पुष्कर पटेल एवं फॉगिंग टीम के सदस्य मौजूद रहे।यह अभियान नगर निगम लखनऊ, स्वास्थ्य विभाग और मलेरिया विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जा रहा है, जिसमें फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रिंकलिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से शहर में मच्छरों की संख्या को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष मशीनों का प्रयोग कर फॉगिंग और लार्वा रोधी छिड़काव किया जा रहा है।उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता जरूरी है। सरकार का उद्देश्य न केवल बीमारियों को नियंत्रित करना है, बल्कि जनता को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना भी है। विधायक नीरज बोरा ने कहा कि हर नागरिक की भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखें और जलजमाव न होने दें।अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को रोगों से बचाव की जानकारी देंगे। साथ ही बुखार, खांसी, त्वचा रोग, उल्टी-दस्त जैसे लक्षणों वाले लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सामूहिक रूप से शहर के स्वास्थ्य मानकों में सुधार लाने और संचारी रोगों के प्रसार को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।यह अभियान 31 जुलाई 2025 तक लगातार चलाया जाएगा और प्रशासन का लक्ष्य है कि लखनऊ को संचारी रोगों से सुरक्षित और स्वस्थ शहर बनाया जाए।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment