(लखनऊ)लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर समाजवादी पार्टी ने दी श्रद्धांजलि, अखिलेश यादव ने बताया सुशासन की प्रेरणा
- 31-May-25 12:00 AM
- 0
- 0
लखनऊ,31 मई (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी द्वारा आज लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर प्रदेशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में भी इस अवसर पर विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लोकमाता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।कार्यक्रम में सांसद आर.के. चौधरी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से लोकमाता अहिल्याबाई को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह और अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।इस अवसर पर जारी अपने संदेश में अखिलेश यादव ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर भगवान शिव की अनन्य भक्त, प्रेम, करुणा और समर्पण की प्रतिमूर्ति थीं। उनका शासनकाल मालवा के स्वर्णकाल के रूप में इतिहास में दर्ज है। उन्होंने न्यायप्रियता, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक दृष्टिकोण से एक आदर्श राज्य की स्थापना की। उन्होंने न केवल शांति और सुशासन की मिसाल कायम की बल्कि महिलाओं को संपत्ति अधिकार, विधवा विवाह की स्वीकृति, और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी क्रांतिकारी कार्य किए।अखिलेश यादव ने रानी अहिल्याबाई द्वारा महेश्वर को कला, शिल्प, संस्कृति, शिक्षा और साहित्य का केंद्र बनाने को उल्लेखनीय बताया और कहा कि उनके कार्य आज भी शासन व्यवस्था और सामाजिक कल्याण के लिए प्रेरणा हैं।कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Related Articles
Comments
- No Comments...