(लखनऊ) मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला थाना हजरतगंज ने एनसीसी छात्राओं को सिखाया स्वावलंबन का पाठ

  • 04-Oct-25 12:00 AM

0 हेल्पलाइन नंबरों से कराया परिचयलखनऊ, 04 अक्टूबर (आरएनएस)। महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के महिला थाना हजरतगंज की टीम ने शनिवार को बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गल्र्स इंटर कॉलेज, चारबाग में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) की लगभग 20 से 25 छात्राओं ने भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आपात स्थिति में उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देना था। इस दौरान महिला थाना हजरतगंज की टीम ने छात्राओं को मिशन शक्ति 5.0 के तहत चलाए जा रहे अभियानों की रूपरेखा से अवगत कराया और बताया कि कैसे महिलाएं जागरूक होकर किसी भी प्रकार के साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट, डीपी एक्ट या अन्य अपराधों से स्वयं की सुरक्षा कर सकती हैं।छात्राओं को पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं — 1090, 112, 108, 1098 और 1076 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही छात्राओं को यह संदेश भी दिया गया कि पुलिस हमेशा उनकी मदद के लिए तत्पर है और किसी भी घटना के समय घबराने के बजाय तत्काल सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण कदम है।यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में आयोजित किया गया। लखनऊ कमिश्नरेट क्षेत्र के अंतर्गत 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना की जा चुकी है, जिनमें महिला निरीक्षक, उपनिरीक्षक और आरक्षियों की नियुक्ति की गई है ताकि थाने पर आने वाली महिलाओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके।कार्यक्रम का संचालन महिला एसआई संध्या, मिशन शक्ति प्रभारी, द्वारा किया गया, जिनके साथ पूनम त्रिपाठी, राजकुमार वर्मा, मोहनी अवस्थी, सुलेखा पाल, नितिक्षा और अनिता यादव ने सहयोग किया। कार्यक्रम की मेजबानी प्रिंसिपल कीर्ति वर्मा ने की, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सजग बनाते हैं।एनसीसी छात्राओं ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के सत्रों से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे वास्तविक जीवन में अपनी सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्क हो पाती हैं।महिला थाना हजरतगंज की यह पहल महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। मिशन शक्ति के माध्यम से पुलिस न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सजग बना रही है, बल्कि समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी प्रसारित कर रही है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment