(लखनऊ)19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए आधुनिक टेंट सिटी का भूमि पूजन, युवाओं के चरित्र और नेतृत्व निर्माण पर केंद्रित आयोजन

  • 29-Sep-25 12:00 AM

लखनऊ, 29 सितंबर (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं ग्रैंड फिनाले डायमंड जुबली जम्बूरी (23 से 29 नवम्बर, 2025) के लिए लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, वृन्दावन योजना, सेक्टर-15 में विकसित की जा रही आधुनिक टेंट सिटी का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा संदीप सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षागुलाब देवी, अध्यक्ष भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश एवं पूर्व जलशक्ति मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह, और प्रादेशिक मुख्यायुक्त (सेवानिवृत्त) डॉ. प्रभात कुमार उपस्थित रहे।भूमि पूजन के दौरान श्री खन्ना ने बटन दबाकर शुभंकर और जम्बूरी के लोगो का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह जम्बूरी न केवल भारत और उत्तर प्रदेश के युवा शक्ति को एक मंच प्रदान करेगी, बल्कि युवाओं में सेवा, त्याग और चरित्र निर्माण के मूल्य भी स्थापित करेगी। उन्होंने स्काउट एवं गाइड संगठन के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं के शैक्षिक, आध्यात्मिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।उन्होंने बताया कि आज देशभर में 57 लाख लोग स्काउट और गाइड से जुड़े हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश में 10 लाख लोग सक्रिय सदस्य हैं। श्री खन्ना ने कहा कि यह जम्बूरी केवल एक समागम नहीं, बल्कि युवाओं को सामाजिक सेवा, भाईचारा, स्वच्छता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और समावेशी विकास का संदेश देने का अवसर है।उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रीय जम्बूरी उत्तर प्रदेश में 61 वर्षों के बाद आयोजित हो रही है, जबकि पिछली जम्बूरी वर्ष 1964 में प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में सम्पन्न हुई थी। इस बार आयोजन में देशभर से लगभग 30,000 स्काउट-गाइड्स, विभिन्न देशों से 2,000 प्रतिभागी और लगभग 3,000 अधिकारी व स्टाफ शामिल होंगे। कुल मिलाकर लगभग 35,000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।जम्बूरी की टेंट सिटी को आधुनिकतम सुविधाओं और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। प्रमुख सुविधाओं में 3,500 टेंट, 1,600 शौचालय एवं स्नानागार, 35,000 क्षमता वाला एरिना, 64 रसोईघर, 100 दुकानों वाली जम्बूरी मार्केट, एडवेंचर बेस, ग्लोबल विलेज, प्रदर्शनी हॉल, 100 बिस्तरों का अस्पताल, 15 डिस्पेंसरी, 24म7 हेल्पलाइन और वाई-फाई ज़ोन शामिल हैं।यह भूमि पूजन समारोह केवल जम्बूरी की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक सेवा के आदर्श सिखाने का अवसर भी है। 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक परंपरा और युवा शक्ति को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment