(लखनऊ)40 लाख की ठगी के दो इनामी जालसाज गिरफ्तार, दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था

  • 05-Oct-25 12:00 AM

लखनऊ 5 अक्टूबर (आरएनएस )। राजधानी लखनऊ में थाना हुसैनगंज पुलिस और सर्विलांस टीम (मध्य जोन) की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे दो इनामी जालसाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उनके खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी की यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त (मध्य) के पर्यवेक्षण में, अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) और सहायक पुलिस आयुक्त (हजरतगंज) के मार्गदर्शन में, थानाध्यक्ष हुसैनगंज शिवमंगल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।जानकारी के मुताबिक, थाना हुसैनगंज पर 17 अक्टूबर 2024 को एक मुकदमा दर्ज किया गया था। वादी की तहरीर के आधार पर पंजीकृत मु.अ.सं. 131/2024 धारा 147/406/420/504/506 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत आरोप लगाया गया था कि अभियुक्तगणों ने वादी को अतिरिक्त लाभ का लालच देकर धोखाधड़ी से 40 लाख रुपये ले लिए और रकम मांगने पर पैसा लौटाने से इंकार करते हुए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी।मामले में नामजद अभियुक्त इमरान आरफीन पुत्र शमशुल आरफीन (उम्र 30 वर्ष) और श्रीमती शानू आरफीन पत्नी अल्ताफ अहमद खान (उम्र 40 वर्ष), दोनों निवासी फ्लैट नं. 401, सूर्या अपार्टमेंट, थाना महानगर, लखनऊ लगातार फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए ये दोनों अपने ठिकाने बार-बार बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, लखनऊ द्वारा दोनों के विरुद्ध 24 सितंबर 2025 को गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस की और 4 अक्टूबर 2025 को जानकीपुरम क्षेत्र के मकान नंबर 2/68, एमडीएच सेक्टर-एच से दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन किया गया। अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों से भी जुटा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना हुसैनगंज के थानाध्यक्ष शिवमंगल सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीराम गौतम, महिला उपनिरीक्षक अर्चना सोनकर, कांस्टेबल बालकेश व अजय कुमार शामिल रहे। वहीं सर्विलांस टीम (मध्य जोन) से उपनिरीक्षक अभिनेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह, हेड कांस्टेबल आशीष मिश्रा, कांस्टेबल अजय तेवतिया और कांस्टेबल बलवन्त ने अहम भूमिका निभाई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों अभियुक्तों से पूछताछ में और भी मामलों के खुलासे की संभावना है। टीम की यह कार्रवाई आर्थिक अपराधों के खिलाफ अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment