(विकासनगर)सेलाकुई में एक घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन
- 01-Oct-24 12:00 AM
- 0
- 0
विकासनगर,01 अक्टूबर (आरएनएस)। औद्योगिक नगरी सेलाकुई में मंगलवार सुबह लोगों को जाम के चलते परेशानी झेलनी पड़ी। यहां कांटा रोड पर दोनों ओर वाहनों की एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। लोगों ने खुद वाहनों से उतर से यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो पाया। सेलाकुई मुख्य बाजार में एनएच के दोनों किनारों पर बड़े मालवाहक वाहन खड़े रहते हैं। इससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। खासकर सुबह के समय बाजार में यातायात का दबाव अधिक रहने पर जाम लग जाता है। मंगलवार सुबह नौ बजे विकासनगर-कांटा रोड पर जाम लगना शुरू हुआ। कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर एक किमी लंबी वाहनों की लाइन लग गई। इससे ड्यूटी पर जाने वाले कामकाजी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। औद्योगिक इकाइयों के मालवाहक वाहनों के चलते यहां अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन व्यवस्थाओं को सुचारु करने के लिए गंभीर नहीं है। मंगलवार सुबह नौ बजे से लगे जाम को वाहन चालकों ने बड़ी मशक्कत के बाद खुद खुलवाया। इससे दस बजे यातायात सुचारु हुआ। सुबह देहरादून जा रहे रजनी कुमार, देव सिंह रावत, विनीता जोशी, विकासनगर, ड्यूटी पर आ रहे हरजेंदर सिंह, सत्येंद्र रावत, मुकेश ममगाईं ने बताया कि सेलाकुई बाजार में लगने वाले जाम से अक्सर ड्यूटी पर पहुंचने में देरी हो जाती है। जाम से होने वाली देरी से बचने के लिए कई बार सुबह जल्दी सेलाकुई बाजार तक पहुंच जाते हैं, बावजूद इसके यहां जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। उधर, एसडीएम विनोद कुमार ने कहा कि सेलाकुई कस्बे में जाम की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस और सिडकुल प्रबंधन को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
Related Articles
Comments
- No Comments...