(विष्णुगढ़)जंगल की चीख: पेड़ों की अवैध कटाई से वन संपदा का हो रहा विनाश
- 08-Jan-25 12:00 AM
- 0
- 0
-लगातार अवैध कटाई के बावजूद विभाग नहीं उठा रही ठोस कदमविष्णुगढ़ 8 जनवरी (आरएनएस)। विष्णुगढ़ प्रखंड क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य एवं घने जंगलों से घिरा है, जिससे इस क्षेत्र में हरियाली देखने को मिलती है। लेकिन, लगातार जंगलों से पेड़ों की कटाई की वजह से जंगल खतरे की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। प्रखंड के कई क्षेत्रों में जंगल से पेड़ों की कटाई का सिलसिला लंबे समय से चलता आ रहा है। विष्णुगढ़ के जम्भुआ एवं जमुनिया डैम स्थित जंगल एक समय अत्यंत घना हुआ करता था, वर्तमान में जंगल फीका नजर आता है क्योंकि इन दोनों ही जंगलों में लंबे समय से पेड़ों की अवैध कटाई जारी है, नतीजन पेड़ों की कमी को बखूबी देखा जा सकता है। प्राकृतिक सुंदरता की वजह से अहले सुबह और शाम आसपास के स्थानीय ग्रामीण इस जंगल की हरियाली के बीच टहलने एवं व्यायाम करने भी आते हैं। लेकिन एकाएक पेड़ की कटाई से हरियाली फीकी पड़ती जा रही है। हिम्मत इतनी की न सिर्फ रात के अंधेरे में बल्कि दिन दहाड़े भी पेड़ उड़ा दिए जाते हैं, दोनों ही जंगलों से पेड़ों की अवैध कटाई बेखौफ जारी है। इस कार्य में पुरुष के साथ साथ महिलाएं भी शामिल हैं। कई बार इस मामले में खबर प्रकाशित होने के बाद भी विभाग की नींद नहीं खुल रही है। विभाग की उदासीनता की वजह से कही विष्णुगढ़ क्षेत्र वन विहीन न हो जाए। वैद्य कार्य के लिए विभाग के चक्कर लगाते लगाते जूते घिस जाते हैं, वहीं अवैध काम धड़ल्ले से होते दिखाई देते हैं। पेड़ों की कटाई की समस्या बेहद चिंतनीय विषय है, जिसके रोकथाम हेतु विभागीय अधिकारियों के अलावा स्थानीय प्रतिनिधियों को भी ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि, प्रकृति के संरक्षण की जिम्मेदारी सभी की है। अवैध कार्य में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने एवं पेड़ों के संरक्षण हेतु विचार विमर्श करने की आवश्यकता है।
Related Articles
Comments
- No Comments...