(विष्णुगढ़)सउदी अरब में प्रवासी श्रमिक की मौत, 50 दिन बाद घर लौटा शव
- 13-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
विष्णुगढ़ 13 जुलाई (आरएनएस)। प्रखंड के जोबर पंचायत अंतर्गत बंदखारो गांव निवासी प्रवासी श्रमिक धनंजय महतो का शव सउदी अरब से 50 दिन बाद रविवार को रांची एयरपोर्ट पहुंचा। 32 वर्षीय धनंजय एक साल पहले रोजग़ार के लिए सउदी अरब गए थे और एल एंड टी कंपनी की ट्रांसमिशन लाइन परियोजना में हेल्पर के रूप में कार्यरत थे। बताया गया कि ताबुक शर्मा रोड स्थित तमामी कैंप परिसर में मोबाइल पर बात करते वक्त चक्कर खाकर वे बालकनी से नीचे गिर पड़े थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे पत्नी गीतांजलि देवी और दो पुत्रों संजय कुमार व सुनील कुमार को पीछे छोड़ गए हैं। शव को लेने रांची एयरपोर्ट पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों के साथ होने वाली दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि शव लाने की प्रक्रिया बेहद पीड़ादायक होती है और मुआवजा मिलना भी एक लंबी लड़ाई बन जाती है। उन्होंने मांग की कि सरकार ऐसी कंपनियों पर सख्ती करे, जिससे श्रमिक की मौत के बाद कंपनियों को तय मुआवजा देना अनिवार्य हो। उन्होंने यह भी कहा कि हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जैसे जिलों से बड़ी संख्या में श्रमिक विदेशों में काम करने जाते हैं, ऐसे में सरकार को प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और अधिकारों पर विशेष नीति बनानी चाहिए।
Related Articles
Comments
- No Comments...