(श्रीनगर गढ़वाल)कमलेश्वर महादेव में घृत कमल अनुष्ठान में उमड़े श्रद्धालु
- 05-Feb-25 12:00 AM
- 0
- 0
श्रीनगर गढ़वाल,05 फरवरी (आरएनएस)। प्रसिद्ध कमलेश्वर महादेव मंदिर में पौराणिक घृतकमल अनुष्ठान मंगलवार को विधिविधान के साथ सम्पन्न हुआ। पूजा में दूर दराज से पहुंचे लोगों ने भगवान शिव और महंत का आशीर्वाद लिया। महंत ने दिगंबर अवस्था में जमीन पर लोट परिक्रमा कर कमलेश्वर महादेव की आराधना और विश्व कल्याण की कामना की। मंगलवार रात्रि 8 बजे से कमलेश्वर महादेव मंदिर में घृत कमल अनुष्ठान शुरू हुआ। प्रत्येक वर्ष माघ माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को कमलेश्वर महादेव मंदिर में अनुष्ठान किया जाता है। महंत आशुतोष पुरी ने शाम आठ बजे से शिव की पूजा शुरू की। भगवान शिव की तीन बार सांगोपांग पूजा संपन्न हुई। पूजा में 150 किलो घी से शिविलिंग का लेप किया गया। इसके पश्चात भगवान शिव को वन माला फूल, औषधीय घास से बनी माला अर्पित की गई। साथ ही 52 प्रकार के व्यंजन और 56 भोग लगाए गए। इस पूरी प्रक्रिया के बाद लगभग 11 बजे महंत ने दिगंबर अवस्था में मंदिर में चारों ओर जमीन में लोटते हुए शिव की पूजा संपन्न की। इस मौके पर आचार्य दुर्गा प्रसाद बमराड़ा, सकंद पुरी, मुकंद पुरी, शिवम नैथानी, समर्थ मनादूली, जगदीश नैथानी, प्रदीप फोंदणी, विमल कप्रवाण आदि ने अनुष्ठान में अपना सहयोग प्रदान किया।
Related Articles
Comments
- No Comments...