(सतना)कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षतिग्रस्त सड़कों में धान लगाई

  • 28-Jul-25 12:00 AM

सतना 28 जुलाई (आरएनएस)।जिले की रैगांव विधानसभा में सोहावल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने रविवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सितपुरा-छिंदा मार्ग पर बने गड्ढों में धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया। खराब सड़क और प्रशासन की लापरवाही के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस अनूठे तरीके से सरकार को जगाने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जनआक्रोश की आवाज बताया।प्रदर्शन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजभान सिंह राज, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती गीता सिंह और सोहावल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने बताया कि सितपुरा-छिंदा मार्ग की हालत अत्यंत खराब है। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है।जगह-जगह गड्ढों और कीचड़ से भरे इस मार्ग पर आवाजाही खतरनाक हो गई है। क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों से लगातार इस समस्या के बारे में आवाज उठाई जा रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि न तो क्षेत्र की विधायक ने कोई सुध ली और न ही जिला प्रशासन ने कोई कारगर कदम उठाया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment