(सतना)चुनाव में मिली करारी हार नहीं पचा पा रहे नेता, पूर्व विधायक बोले- कमलनाथ के कारण हुई कांग्रेस की ऐसी दुर्गति

  • 05-Dec-23 12:00 AM

सतना 5 दिसंबर (आरएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में मिली करारी शिकस्त को कांग्रेसी नेता हजम नहीं कर पा रहे है। उन्हें अब विश्वास नहीं हो रहा है कि प्रदेश की सत्ता उनके हाथ से एक बार फिर निकल गई है। 230 में 66 सीट आने पर कांग्रेस सदमे में है। इस बीच नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। सतना-मैहर जिले की 5 सीटों पर कांग्रेस की हार के लिए नागौद क्षेत्र के पूर्व विधायक यादवेंद्र सिंह ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस की यह दुर्गति सिर्फ कमलनाथ के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि मेरा टिकट न काटी जाती तो शायद सतना जिले में ये हाल कांग्रेस का न हुआ होता। हालांकि टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत कर बीएसपी से चुनाव लडने वाले यादवेंद्र खुद भी चुनाव हार गए हैं। बता दें कि यादवेंद्र सिंह ने टिकट नहीं मिलने के बाद कहा था कि कमलनाथ को घमंड हो गया है, मैं कमलनाथ को मजा चखाउंगा, कई सीटों पर नुकसान पहुंचाउंगा। उनका यह बयान काफी चर्चित हुआ था। चुनाव में यादवेंद्र सिंह को 53 हजार 343 वोट मिले जबकि कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर चली गई। कांग्रेस की डॉक्टर रश्मि सिंह पटेल को 50 हजार 282 वोट मिले।पूर्व विधायक यादवेंद्र ने कहा कि कांग्रेस की यह दुर्गति सिर्फ कमलनाथ के कारण हुई है। नागौद सीट से कांग्रेस ने अपनी गलती के कारण गंवाई ही आसपास की सीटों पर भी इसका प्रभाव पड़ा। उन्होंने कमलनाथ को बीमार बताते हुए कहा था कि कमलनाथ को घमंड हो गया है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment