(सिरसा)खेल गतिविधियों को जीवन में अपनाने का लें संकल्प: राजीव कुमार
- 02-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
पंजाब नैशनल बैंक, मंडल सिरसा ने करवाया विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजनसिरसा 2 सितंबर (आरएनएस)। पंजाब नैशनल बैंक, मंडल सिरसा द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल प्रमुख राजीव कुमार सहित मंडल कार्यालय एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी कर्मचारियों ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और आपसी सहयोग एवं टीम भावना का परिचय दिया। इस अवसर पर मंडल प्रमुख राजीव कुमार ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक सशक्तिकरण, अनुशासन और सकारात्मक सोच का भी आधार हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सक्रिय मन ही कार्यक्षेत्र में भी उत्कृष्टता का कारगर आधार हैं। खेल और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना हम सभी के लिए जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने भी अपने-अपने खेल अनुभव सांझा किए और संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से किसी न किसी खेल गतिविधि को जीवन का हिस्सा बनाएंगे। मंडल प्रमुख द्वारा इस कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया और साथ ही शाखा बणी से स्टाफ सदस्य हरविन्द्र सिंह को प्रथम हॉकी इंडिया मास्टर कप में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। पंजाब नैशनल बैंक के आरसेटी से लेकर पंजुआना गांव तक आयोजित साइकिल रेस ने स्टाफ सदस्यों में जोश, उत्साह और खेल भावना का अद्भुत संदेश दिया। साइकल के हर पैडल के साथ प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, ऊर्जा और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस आयोजन ने बैंक परिवार में नवीनतम ऊर्जा, उत्साह और स्वस्थ कार्य संस्कृति का संचार किया एवं सभी कर्मचारी अपने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित नजर आए।
Related Articles
Comments
- No Comments...