(सिरसा)मुख्यमंत्री का बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत पैकेज ऐतिहासिक कदम: एडवोकेट यतींद्र सिंह
- 10-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
सिरसा 10 सितंबर (आरएनएस)। हरियाणा भाजपा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है कि उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत कार्यों के तहत व्यापक आर्थिक सहायता प्रदान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और प्रशासनिक तत्परता ने संकट की इस घड़ी में हजारों परिवारों को राहत और सुरक्षा का भरोसा दिया है। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने बताया कि सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए श्रेणियों के अनुसार सहायता राशि निर्धारित की है। बाढ़ में मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे उन्हें अत्यंत कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके। स्थायी रूप से दिव्यांग होने वाले व्यक्तियों को दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को पचास हजार रुपये दिए जाएंगे, ताकि उपचार और पुनर्वास में मदद मिल सके। मकानों के नुकसान के लिए भी राहत का विस्तृत प्रावधान किया गया है। मैदान क्षेत्र में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए एक लाख बीस हजार रुपयेए पहाड़ी क्षेत्रों के लिए एक लाख तीस हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। आंशिक क्षतिग्रस्त पक्के मकानों के लिए दस हजार रुपये तथा कच्चे मकानों के लिए पांच हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। व्यवसायों पर हुए नुकसान को देखते हुए दुकानों, उद्योगों और संस्थानों के लिए एक लाख से लेकर तीन लाख पांच हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी, ताकि आर्थिक गतिविधियां पुन: शुरू हो सकें। फसल नुकसान पर प्रति एकड़ सात हजार से पंद्रह हजार रुपये की सहायता देकर किसानों को राहत प्रदान की जाएगी। इसके अलावा पशु हानि पर भी राहत दी जाएगी। दुग्धारू पशु जैसे गाय और भैंस के नुकसान पर 37500 रुपये, बकरी या सुअर के नुकसान पर 4000 रुपये तथा घोड़ा, ऊंट और बैल जैसे पशुओं के नुकसान पर 32000 रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सहारा मिलेगा। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए सरकार द्वारा एक विशेष क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया गया है। प्रभावित परिवार अपने मोबाइल या कंप्यूटर से पोर्टल पर जाकर नुकसान की पूरी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। आवश्यक दस्तावेज जैसे पहचान पत्र, क्षति का विवरण, फोटो आदि अपलोड कर दावा प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक पीडि़त व्यक्ति इस पोर्टल पर समय रहते अपना नुकसान दर्ज करा, ताकि उन्हें निर्धारित सहायता राशि समय पर प्रदान की जा सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की भावनाओं के अनुरूप एडवोकेट यतींद्र सिंह ने विशेष रूप से कहा कि हरियाणा सरकार सिर्फ अपने प्रदेश तक सीमित नहीं रह रही है, बल्कि पड़ोसी राज्य पंजाब की भी यथासंभव मदद कर रही है क्योंकि पंजाब हमारा भाई है। आपदा के समय प्रदेशों की सीमाएं मायने नहीं रखतीं, बल्कि मानवीय सहयोग ही सबसे बड़ा धर्म होता है। उन्होंने कहा कि हर हरियाणवी की यह भावना रहती है कि चाहे वह खुद किसी संकट में हो, फिर भी दूसरों की मदद करने से पीछे नहीं हटता। यही परस्पर सहयोग की भावना मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में और भी मजबूत हो रही है। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि यह राहत पैकेज बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए एक बड़ा सहारा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि पीडि़त परिवारों को न केवल तत्काल सहायता मिले, बल्कि उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से सहारा भी दिया जाए। भाजपा संगठन और कार्यकर्ता प्रशासन के साथ समन्वय कर राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद तक मदद पहुंच सके। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, चिकित्सा सहायता, भोजन वितरण और पुनर्वास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे आपदा के समय धैर्य और सहयोग बनाए रखें और सरकार द्वारा घोषित सहायता योजनाओं का लाभ उठाएं। अंत में एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर संकट में जनता के साथ खड़ी है और यह राहत पैकेज उसी प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता मिलकर बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
Related Articles
Comments
- No Comments...