(सिरसा)रानियां को उपमंडल बनाने की मांग पर:

  • 31-Jul-24 12:00 AM

-हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल रानियां इकाई की ओर से बंद रहा सफलसिरसा 31 जुलाई (आरएनएस)। उपमंडल की मांग को लेकर बार एसोसिएशन का समर्थन करते हुए हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल व युवा व्यापार मंडल की ओर से करवाए गए रानियां बंद को समर्थन देने के लिए हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव व सिरसा जिला प्रधान हीरा लाल शर्मा रानियां पहुंचे। हीरा लाल शर्मा ने धरनारत वकीलों का समर्थन करते हुए इस मांग को जायज बताया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल वकीलों के साथ खड़ा है। वकीलों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। यह मुद्दा सभी रानियांवासियों का है। सरकार इस मांग को शीघ्र पूरा करें अन्यथा यह आंदोलन यहीं रुकने वाला नहीं है। हीरा लाल शर्मा ने कहा कि आज व्यापार मंडल की रानियां इकाई की ओर से रानियां बंद करवाया गया है, जोकि पूर्णतया सफल रहा है। अगर सरकार अभी भी नहीं जागी तो इस मांग के समर्थन में सिरसा बंद करवाया जाएगा। सिरसा के सभी व्यापारी व दुकानदार रानियांवासियों के साथ है। सरकार राजनीतिक द्वेषभावना के कारण ही इस मांग को पूरा नहीं कर रही है। जब रानियां सभी मापदंडों को पूरा करता है तो फिर इसे उपमंडल का दर्जा प्रदान करने से सरकार किसलिए भाग रही हैं। शर्मा ने कहा कि आगामी 11 अगस्त को व्यापार मंडल की प्रदेश स्तरीय व्यापारी प्रतिनिधि सम्मेलन पानीपत में रखा गया है। इस सम्मेलन में यह मुद्दा रखा जाएगा। जरुरत पड़ी तो हरियाणा बंद की कॉल भी दी जाएगी। हीरा लाल शर्मा ने कहा कि दो सालों से वकील इस मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। रानियां हलके से विधायक रहे व मौजूदा सरकार में बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने दो साल पूर्व वकीलों को धरने पर आकर आश्वासन दिया था कि वह रानियां को उपमंडल का दर्जा दिलवाएंगे, लेकिन दर्जा नहीं मिल पाया है। आगामी दो माह बाद विधानसभा चुनाव है। यह मुद्दा रानियां के प्रत्येक जन से जुड़ा है। चुनाव में भाजपा को इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा। शर्मा ने कहा कि व्यापार मंडल इस मुद्दे पर हमेशा वकीलों व रानियांवासियों के साथ खड़ा है। हमारी जब भी जरुरत होगी हम वहां पर पहुंचेंगे। इस मौके पर व्यापार मंडल रानियां के प्रधान सुभाष सलूजा, युवा व्यापार मंडल रानियां प्रधान सोनू ग्रोवर, सिरसा प्रधान कीर्ति गर्ग, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभाष मिढा, पवन अग्रवाल रानियां, प्रदेश संगठन सचिव भुवनेश मेहता, बार एसोसिएशन के प्रधान रिंकल बांगा, रणजीत विर्क सहित अन्य उपस्थित थे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment