(हजारीबाग)हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए अहम निर्देश
- 24-Dec-24 12:00 AM
- 0
- 0
हजारीबाग 24 दिसंबर (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक अरविंद सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों का त्वरित निपटारा और सुरक्षा व्यवस्था के सुधार पर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्परता से कार्य करने का आदेश दिया। उन्होंने पिछले महीने घटित सभी गंभीर आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। पुराने लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष ध्यान देने और वारंट, इश्तेहार, कुर्की-जब्ती की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने सिविल कोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध पोस्ता और अफीम की खेती करने वालों पर कार्रवाई करने और महिलाओं एवं अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित मामलों में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने नशाखोरी के व्यापार, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और नक्सली गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। संगठित अपराध, अवैध खनन और सरकारी भूमि विवादों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वालों, अवैध कोयला, बालू और पत्थर उत्खनन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए भी सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सतर्कता और गंभीरता दिखाने की अपील की।
Related Articles
Comments
- No Comments...